पोट्रो ने जोकोविक के बाद नडाल को भी हराया

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 14 अगस्त 2016, 5:54 PM (IST)

रियो डी जनेरियो। ब्राजील में जारी ओलम्पिक खेलों में अर्जेटीना के जुआन मार्टिन डेल पोट्रो ने बड़ा उलटफेर करते हुए स्पेन के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल को हराकर टेनिस की पुरुष एकल वर्ग स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश किया। समाचार एजेंसी एफे के अनुसार डेल पोट्रो ने शनिवार को नडाल को एक घंटे से अधिक समय तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में 5-7, 6-4, 7-6 (7-5) से मात दी।

अर्जेटीना के 27 वर्षीय डेल पोट्रो को पिछले कुछ समय में काफी चोटों का सामना करना पड़ा है। वर्तमान में वे विश्व रैकिंग में 141वें स्थान पर हैं। फाइनल में डेल पोट्रो का सामना ब्रिटेन के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी एंडी मरे से होगा।

मरे ने पहले सेमीफाइनल में जापान के केई निशिकोरी को मात दी थी। डेल पोट्रो ने अपने पहले मुकाबले की शुरुआत ही काफी शानदारी तरीके से की थी, जब उन्होंने विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी नोवाक जोकोविक को मात दी थी। हार से निराश जोकोविक के आंसू छलक आए थे।

पुइग ने जीता महिला एकल का स्वर्ण

रियो डी जनेरियो। प्यूटरे रिको की मोनिका पुइग ने शनिवार को जर्मनी की एंगलिक केरबर को हराते हुए रियो ओलम्पिक की महिला एकल स्पर्धा का स्वर्ण जीत लिया। ओलम्पिक टेनिस सेंटर में हुए मुकाबले में पुइग ने केरबर को 6-4, 6-1 से हराया। वे प्यूटरे रिको के लिए ओलम्पिक पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं।

प्यूटरे रिको ने इस साल अब तक सिर्फ एक पदक जीता है और वह पुइग ने ही दिलाया है। स्पर्धा का कांस्य चेक गणराज्य को मिला। पेट्रा क्विटोवा ने मेडिसन कीज को हराकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इस स्पर्धा में भारत का कोई दावेदार नहीं था।

(IANS)