घुसपैठ की आशंका के चलते सीमावर्ती एरिया में बढ़ाई सुरक्षा

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 14 अगस्त 2016, 1:00 PM (IST)

श्रीगंगानगर। पाकिस्तान से लगती श्रीगंगानगर जिले की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बीएसएफ की 193वीं वाहिनी के अधिकारियों ने कार्यक्षेत्र प्रभार में आने वाले सीमा के गांवों के सरपंच, गणमान्य लोग व किसानों के साथ क्यू हैड एवं 7 एच में मीटिंग की। 193वीं वाहिनी बीएसएफ के कमांडेंट मलकीयत सिंह ने ग्रामीणों से सीमावर्ती एरिया में किसी संदिग्ध व्यक्ति व वस्तु नजर आने पर तुरंत बीएसएफ को सूचित करने का आह्वान किया। मीटिंग में बॉर्डर एरिया के ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। मलकीयत सिंह ने किसानों ग्रामीणों की समस्याओं को सुना एवं उनके हल के लिए आवश्यक हिदायतें दीं। उन्होंने ग्रामीणों से खेती की वजह से जवानों को ड्यूटी में होने वाली समस्या से भी अवगत कराया।
महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में कड़ी की सुरक्षा व्यवस्था

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सीमापार से घुसपैठ की आशंका के चलते सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में खुफिया एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। श्रीगंगानगर से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जहां बीएसएफ मुस्तैद है, वहीं जिले में तमाम दूसरी एजेंसियां नजर बनाए हुए हैं। स्वतंत्रता दिवस पर श्रीगंगानगर के महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में होने वाले ध्वजारोहण से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्टेडियम में एंटी स्क्वायड दल तैनात कर दिया गया है, जो संदिग्ध वस्तु की गहनता से जांच कर रहा है। मैदान में रविवार को आम लोगों का प्रवेश बंद रहेगा। स्वतंत्रता दिवस पर सभी को जांच के बाद प्रवेश दिया जाएगा। उधर सीमा पार से घुसपैठ की आशंका के चलते बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर सुरक्षा और अधिक कड़ी कर दी है।