जोधपुर। आयुर्वेद विभाग के तत्वावधान में आयोजित नर्सेज आमुखीकरण कार्यक्रम के दूसरे दिन यूथ हॉस्टल, जोधपुर में अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, अलवर, दौसा, जयपुर, सीकर और सवाई माधोपुर जिलों से आए 100 नव नियुक्त नर्सेज भाग ले रहे हैं लिया। वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. गोपाल नारायण शर्मा ने दिनचर्या, ऋतुचर्या और आहार-विहार पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि नियमित दिनचर्या न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी संतुलित रखने में सहायक है।
उप निदेशक आयुर्वेद विभाग, जोधपुर, डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने व्यक्तित्व विकास पर चर्चा की और नर्सेज को उनके कार्यक्षेत्र में नेतृत्व और दक्षता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. दीपा जोशी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आयुर्वेदिक नर्सिंग कैसे रोगियों के उपचार में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। डॉ. विष्णुदत्त दाधीच ने पंचकर्म चिकित्सा की उपयोगिता और शोधन प्रक्रिया में नर्सेज की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इसे आयुर्वेद की शोधन चिकित्सा का श्रेष्ठ उदाहरण बताया।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. गायत्री ने बताया कि यह आयोजन न केवल नर्सेज के व्यावसायिक कौशल को निखारने का एक मंच है, बल्कि आयुर्वेद चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रभावी प्रयास भी है। आयोजन में डॉ. सुखवीर सिंह चौधरी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी मदन सिंह राजपुरोहित, वरिष्ठ कम्पाउंडर अब्दुल सलाम चिश्ती, सलीम सुल्तान और विक्रम शर्मा ने अपना सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन कुशलतापूर्वक डॉ. मीनाक्षी पंवार और डॉ. विक्रम गोपा द्वारा किया गया। - PRO Jodhpur
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे