नई दिल्ली। देशभर में महिलाओं पर हो रहे अश्लील कमेंट के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे है। अब राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी और कांग्रेस नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी को अश्लील मैसेज भेजे गए है। खुद शर्मिष्ठा ने इस बात का खुलासा किया है। शर्मिष्ठा ने फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले शख्स का नाम और उसके भद्दे मैसेज को सार्वजनिक कर दिया है। अश्लील मैसेज भेजने वाला शख्स का नाम पार्थ मंडल है। मुखर्जी ने फेसबुक पर लिखा की ऐसे लोगों को ब्लॉक करने से नहीं चलेगा काम।
ऐसे लोगों को सबक सिखाने की जरूरत है। शर्मिष्ठा ने कहा कि एक सनकी इंसान मुझे लगातार अश्लील मैसेज भेज रहा है। पहले तो मुझे लगा कि यह गलती से हुआ होगा, लेकिन लगातार उस शख्स की हरकतों से परेशान होकर शर्मिष्ठा ने उसे ब्लॉक करने की बजाय अलग ही अंदाज जवाब दिया और अश्लील मैसेज भेजने वाले को सार्वजनिक करते हुए उस शख्स का नाम और भद्दे कमेंट फेसबुक पर अपलोड कर दिए।
एक चैनल से चर्चा के दौरान मुखर्जी ने कहा कि ऐसे लोगों को सबक सिखाना जरूरी है। अगर थाने में शिकायत होती तो काफी समय तक जांच चलती रहती।
साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की बेटी होने के कारण जल्द कार्रवाई भी हो सकती थी, लेकिन मैं चाहती हूं कि महिलाएं आपराधिक तत्वों के खिलाफ आवाज उठाए और खुद को कमजोर नहीं समझें।
वहीं, अब इस मामले में पुलिस अश्लील कमेंट भेजने वाले शख्स के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।