कांग्रेस केवल दिखावा कर रही है, डॉ. अंबेडकर को सम्मान भाजपा ने दिया है : कृष्ण लाल पंवार

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 24 दिसम्बर 2024, 2:24 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस केवल प्रदर्शन कर दिखावा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बाबा साहेब अंबेडकर को वास्तविक सम्मान भारतीय जनता पार्टी ने किया है। पंवार ने कहा, “कांग्रेस ने हमेशा सत्य को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया है। इसका ताजा उदाहरण संसद में अमित शाह के बयान को कटिंग करके दिखाना है। इससे पहले भी कांग्रेस ऐसे कृत्य करती रही है।”
पंवार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहेब को सच्चा सम्मान दिया है। “हमने 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया, जबकि कांग्रेस के समय, जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं, उन्होंने दिल्ली में बाबा साहेब का अंतिम संस्कार तक नहीं होने दिया। कांग्रेस ने हमेशा घड़ियाली आंसू बहाने का काम किया है,” पंवार ने जोड़ा।
नए जिलों और उप मंडलों की घोषणा शीघ्रः
हरियाणा में नए जिलों और उपमंडलों की संभावनाओं को लेकर पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सरकार जल्द ही इस पर निर्णय लेगी। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से गठित सब कमेटी की अध्यक्षता वे खुद कर रहे हैं। पंवार ने कहा, “गोहाना, असंध और हांसी को जिला बनाने के प्रस्ताव आए हैं। हमारी एक बैठक हो चुकी है और दूसरी बैठक भी जल्द ही होने वाली है। उसके बाद हम निर्णय लेंगे। प्रदेश को जल्द ही नए जिले मिल सकते हैं।”
डबवाली को जिला बनाए जाने के प्रस्ताव पर पंवार ने स्पष्ट किया, “अभी हमारे पास डबवाली का कोई प्रस्ताव नहीं आया है। वहां के विधायक आदित्य चौटाला का फोन जरूर आया था, लेकिन यह प्रस्ताव कमेटी के सामने नहीं रखा गया है। जहां से प्रस्ताव आएंगे, उन्हीं पर विचार किया जाएगा।”
ईवीएम और सड़कों के मुद्दे पर कांग्रेस पर प्रहारः
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने ईवीएम को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा, “कांग्रेस हमेशा ईवीएम को लेकर रोना रोती है। उन्हें बताना चाहिए कि जिन 37 विधायकों ने उनके लिए जीत दर्ज की, क्या वहां की ईवीएम सही थीं?” सड़कों की स्थिति पर पंवार ने कहा, “हमारी सरकार ने हरियाणा की सड़कों का कायाकल्प कर दिया है। आज सड़कें एयरपोर्ट के रनवे जैसी बन चुकी हैं, जिस पर गाड़ियां तेज गति से चलती हैं।
इसी वजह से बसों की स्पीड लिमिट 80 किलोमीटर प्रति घंटे तय करनी पड़ी ताकि हादसे न हों। कांग्रेस के समय सड़कें खस्ताहाल थीं, जबकि हमारी सरकार ने विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है।” कृष्ण लाल पंवार ने साफ किया कि उनकी सरकार केवल दिखावा करने में विश्वास नहीं करती, बल्कि जनता के हित में ठोस फैसले लेती है। - खासखबर नेटवर्क

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे