यात्रियों को अचेत कर लूटा, एक की मौत

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 13 अगस्त 2016, 12:21 PM (IST)

फतेहपुर (यूपी)। ‘प्रभु’ की टे्रनों में चोर-लुटेरे ही नहीं, जहरखुरानी गिरोह भी सक्रिय है। सुरक्षा के नाम पर किराया बढ़ा, लेकिन यात्री सुरक्षित नहीं हैं। जहरखुरानों ने दो यात्रियों को अपना शिकार बनाकर उनका सामान लेकर फरार हो गए। वहीं अचेत साथियों में एक की टे्रन से गिरकर मौत हो गई। अचेत किए गए यात्रियों में से दूसरे को खागा सीएचसी में भर्ती कराया गया। होश आने पर उसने पूरी घटना बयां की।


दिल्ली से इलाहाबाद के लिए रीवा एक्सप्रेस से रवाना हुए त्रिलोकपुरी नगर निवासी विजय व उसका साथी रियाजउद्दीन दोनों एक साथ बैठे थे। उसी बीच सवारी बनकर सफर कर रहे जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने बातों-बातों में काफी घनिष्ठता कायम कर ली, एक-दूसरे को खिलाना पिलाना शुरू कर दिया। इसी बीच मौका लगाकर जहरखुरानों ने ट्रेन के कानपुर से निकलते ही दोनों को नशीला पदार्थ खिला दिया। कुछ देर बाद दोनों साथी अचेत हो गए।

इस बीच जहरखुरानियों ने उनके पास रखा नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। टे्रन जब खागा स्टेशन के समीप पहुंची, तब अचेत रियाजउद्दीन की टे्रन से गिरकर मौत हो गई। इस हादसे को देखकर टे्रन में मौजूद मुसाफिरों ने चेन पुलिंग कर दी। गाड़ी रुकने पर लोगों की नजर अचेत विजय पर पड़ी तो उन्होंने जीआरपी को बताया। जीआरपी ने उसे भी नीचे उतार लिया और उपचार के लिए उसे हरदों स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यात्री रियाजउद्दीन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर, सीएचसी में भर्ती विजय को जब होश आया तो उसने बताया कि उसके साथी के पास पांच लाख रुपये थे। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
(आईएएनएस)