100 मीटर रेस की हीट में सातवें स्थान पर रहीं दुती

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 13 अगस्त 2016, 12:05 PM (IST)

रियो डी जनेरियो। भारत की दुती चंद महिलाओं की 100 मीटर रेस के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकीं। वे इस स्पर्धा की हीट में आठ धावकों के बीच सातवें स्थान पर रहीं। दुती ने 11.69 सेकेंड में रेस पूरी की। वे अपना व्यक्तिगत श्रेष्ठ समय भी नहीं निकाल पाईं।

इस हीट से अमेरिका की टियाना बाटरेलेटा ने 11.23 सेकेंड समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। दुती ने कहा था कि अगर वे सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहीं तो उनके लिए यह बहुत बड़ी सफलता होगी लेकिन वे हीट में एक या दो नहीं बल्कि सम्मानजक स्थान भी नहीं हासिल कर सकीं।

हीट में छठे स्थान पर रहे अनस याहिया

भारत के मोहम्मद अनस याहिया रियो ओलम्पिक की 400 मीटर दौड़ से बाहर हो गए हैं। अनस ने शुक्रवार को आयोजित क्वालीफाईंग हीट में छठा स्थान हासिल किया। अनस हीट-7 में शामिल थे। प्रत्येक हीट से तीन खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। अनस ने यह रेस 45.95 सेकेंड में पूरी की, जो उनका श्रेष्ठ समय भी नहीं है।


20 किमी. रेस में 13वें स्थान पर रहे मनीष सिंह

भारत के मनीष सिंह ने रियो ओलम्पिक की पुरुषों की 20 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा में 13वां स्थान हासिल किया। मनीष ने यह रेस 1.21.21 घंटे में पूरी की। इस स्पर्धा में चीनी धावकों का बोलबाला रहा। झेंग वांग ने 1.19.14 घंटे के साथ स्वर्ण जीता जबकि जेलिन चाई ने 1.19.26 घंटे के साथ रजत हासिल किया। आस्ट्रेलिया के डेन बर्ड स्मिथ ने 1.19.37 घंटे के साथ कांस्य जीता। भारत के दो अन्य एथलीट गणपति कृष्णन और गुरमीत सिंह रेस पूरी नहीं कर सके। वे अयोग्य करार दिए गए।


लंबी कूद में अयोग्य करार दिए गए अंकित शर्मा

भारत के अंकित शर्मा यहां जारी रियो ओलम्पिक की लम्बी कूद स्पर्धा में दो नाकाम प्रयासों के बाद अयोग्य करार दिए गए। अंकित ने मुख्य ओलम्पिक स्टेडियम में आयोजित क्वालीफाईंग के ग्रुप-बी में तीन में से दो प्रयासों पर गलत छलांग लगाई। इसके बाद वे मुकाबले से हट गए। इस ग्रुप में कुल 16 एथलीट थे। चीन के जियानान वांग ने इस ग्रुप में 8.24 मीटर की सबसे लम्बी छलांग लगाई।

(IANS)