उदयपुर में पीवी सिंधु कुछ ही घंटों के बाद लेंगी 7 फेरे : उदय सागर झील में नियम-कानूनों का उल्लंघन कर बनी लग्जरी होटल रैफल्स में हो रही है धूमधाम से शादी

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 22 दिसम्बर 2024, 5:14 PM (IST)

उदयपुर। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु कुछ ही घंटों के बाद उदय सागर झील में नियम-कानूनों का उल्लंघन कर बनी लग्जरी होटल रैफल्स में सात फेरे लेने वाली है। उनका जीवनसाथी हैदराबाद के आईटी कंपनी के डायरेक्टर वेंकट दत्ता होंगे। उदयसागर झील के बीच स्थित यह होटल एक भव्य शादी समारोह का आयोजन कर रहा है, जहां शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

शादी से पहले शनिवार शाम को संगीत समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। आज के बड़े वेडिंग इवेंट में खेल, राजनीति और मनोरंजन जगत से कई चर्चित चेहरे शामिल होने की उम्मीद है।

शादी के बाद सिंधु और वेंकट दत्ता अपने परिवार के साथ 23 दिसंबर को हैदराबाद लौटेंगे, जहां 24 दिसंबर को उनका ग्रांड रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। सिंधु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, अभिनेता पवन कल्याण सहित कई अन्य प्रमुख व्यक्तित्वों को अपने विवाह समारोह के लिए निमंत्रण भेजा है। सिंधु खुद इन प्रमुख हस्तियों को शादी का निमंत्रण देने के लिए व्यक्तिगत रूप से पहुंची थीं।

क्यों दिसंबर में हुई शादी? :
सिंधु के पिता पीवी रमन ने बताया कि दोनों परिवार लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और सिंधु का जनवरी से व्यस्त कार्यक्रम देखते हुए, दिसंबर में शादी का फैसला किया गया।

वेंकट दत्ता कौन हैं? : वेंकट दत्ता ने लिबरल आर्ट्स और साइंस में डिप्लोमा किया है और फिर फ्लेम यूनिवर्सिटी से बीबीए की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद, उन्होंने बंगलौर के इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी से डाटा साइंस और मशीन लर्निंग में मास्टर्स डिग्री की है।

रैफल्स में शादी का ट्रेंड : उदयपुर के होटल राफेल्स में यह कोई पहली शादी नहीं है। इससे पहले 2023 में भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या ने बॉलीवुड अभिनेत्री नताशा के साथ राफेल्स में शादी की थी। इसके अलावा, इस साल की शुरुआत में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की बेटी आयरा खान और अभिनेता सनी देओल की भांजी निकिता चौधरी ने भी राफेल्स में ही शादी की थी।

यह लग्जरी होटल अब एक लोकप्रिय शादी स्थल बन चुका है, जो कई मशहूर हस्तियों की शादियों का गवाह रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे