- गिरिराज अग्रवाल -
जयपुर। राजस्थान रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) ने शिव सरोवर प्रोजेक्ट को लेकर महत्वपूर्ण फैसले में शिवशक्ति रियलहोम प्राइवेट लिमिटेड को फ्लैट खरीदारों का पैसा ब्याज सहित लौटाने का निर्देश दिया है। यह आदेश फ्लैट खरीदारों द्वारा दर्ज की गई शिकायतों पर सुनवाई के बाद दिया गया, जहां डेवलपर ने परियोजना पूरी नहीं की और ग्राहकों को तय समय में फ्लैटों का कब्जा देने में विफल रहा।
प्रकरण के तथ्यों के मुताबिक महेंद्र परिहार, संतोष सोनी और मीना शर्मा ने RERA के समक्ष अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन शिकायतों में कहा गया कि उन्होंने "शिव सरोवर" प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक करके बड़ी धनराशि जमा की थी। लेकिन, परियोजना का निर्माण कार्य बंद है और फ्लैट का कब्जा अभी तक नहीं दिया गया है। शिकायतकर्ताओं ने रिफंड के साथ ब्याज दिलाए जाने की भी मांग की थी।
इस मामले की सुनवाई के दौरान शिवशक्ति रियलहोम प्राइवेट लिमिटेड ने न तो कोई जवाब दाखिल किया और न ही RERA की सुनवाई में शामिल हुआ। प्राधिकरण ने इस मामले में कई बार नोटिस जारी किए, लेकिन डेवलपर अनुपस्थित रहा। प्रोजेक्ट की स्थिति "लैप्स्ड" पाई गई, और RERA पोर्टल पर अंतिम रिपोर्ट दिसंबर 2020 तक ही अपलोड की गई थी।
RERA के सदस्य सुधीर कुमार शर्मा ने मामले की सुनवाई के बाद डेवलपर को शिकायतकर्ताओं की ज http:// मा राशि लौटाने का आदेश दिया। साथ ही, 11.10% वार्षिक ब्याज की दर से राशि लौटाने का निर्देश दिया गया। यह ब्याज अपेक्षित कब्जे की तारीख (31 दिसंबर 2020) से लेकर रिफंड करने की तारीख तक लागू होगा।
आदेश के अनुसार, डेवलपर को यह राशि आदेश की कॉपी अपलोड होने के 45 दिनों के भीतर लौटानी होगी।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि फ्लैट खरीदारों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है और इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना प्रथाओं पर रोक लगाने का संदेश दिया गया है।
यह फैसला फ्लैट खरीदारों के लिए राहत लेकर आया है, जिन्होंने अपने सपनों का घर पाने के लिए धनराशि निवेश की थी।
RERA के इस आदेश ने यह सुनिश्चित किया है कि रियल एस्टेट डेवलपर्स अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकते और उन्हें अपनी परियोजनाओं को समय पर पूरा करना होगा या खरीदारों को उचित मुआवजा देना होगा। यह फैसला रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। फ्लैट खरीदारों के अधिकारों की रक्षा के लिए RERA का यह सख्त रुख अन्य डेवलपर्स के लिए एक चेतावनी है। .... पूरा फैसला पढ़ने के लिए यहां क्लिक करिए।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे