हरियाणा:मंत्री-MLAरियो जाएंगे,खर्चा1करोड

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 12 अगस्त 2016, 10:40 PM (IST)

चंडीगढ। हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज के नेतृत्व में रियो ओलम्पिक जाने वाला राज्य का प्रतिनिधिमंडल दल दौरे पर खर्च होने वाली राशि को लेकर विवादों में घिर गया है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा के इस प्रतिनिधिमंडल दल के रियो दौरे पर राजकोष के एक करोड़ रुपये खर्च होंगे।
विज की अगुवाई में 6-7 सदस्यों वाला यह दल शनिवार को रियो के लिए रवाना होगा। इस प्रतिनिधिमंडल दल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो विधायक ज्ञान चंद गुप्ता और विजय पाल, दो वरिष्ठ राजनयिक अतिरिक्त मुख्य सचिव के. के. खंडेलवाल और जगदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस प्रतिनिधिमंडल दल के रियो दौरे पर एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।


खेल मंत्री ने शुक्रवार को इस दौरे का बचाव करते हुए कहा कि रियो गए भारतीय दल में हरियाणा से काफी खिलाड़ी हैं और यह प्रतिनिधिमंडल उनका उत्साहवर्धन करने के लिए जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल रियो ओलम्पिक के समापन समारोह में हिस्सा लेकर लौट आएगा। भारतीय ओलम्पिक दल में मुक्केबाजी, कुश्ती और एथलेटिक्स खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी शामिल हैं।


विज ने कहा, हमारे लिए यह समझना बेहद जरूरी है कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए किस तरह की बुनियादी संरचनाएं तैयार करनी होती हैं। हमें हरियाणा में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करनी है। हम वहां हरियाणा से गए खिलाडय़िों का उत्साहवर्धन करने भी जा रहे हैं। विधानसभा सत्र अगस्त में बुलाए जाने के कारण जुलाई में विज ने अपना रियो दौरा रद्द कर दिया था। हालांकि विधानसभा सत्र स्थगित हो चुका है और विज के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल रियो रवाना होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

आईएएनएस