15 दिसंबर तक शिविरों का होगा आयोजन
भीलवाड़ा। घुमन्तु समुदाय (विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु) के आवश्यक दस्तावेज जैसे वोटर आईडी, आधार कार्ड, जनाधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, जाति पहचान प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड आदि बनाने एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले में पंचायत समिति एवं नगर निगम तथा नगर पालिकाओं में 27 नवंबर से 15 दिसंबर तक विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु सहायता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने बताया कि शिविरों में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने के कारण त्वचा संबंधी रोग, कुपोषण संबंधित समस्याएँ, तत्काल चिकित्सा सहायता नहीं मिलने की समस्याओं को देखते हुए मुख्य दवाईयों के मेडिकल किट स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के माध्यम से उपलब्ध कराया जायेगा। नगरीय विकास विभाग एवं स्वायत शासन विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा घुमन्तु समुदाय के आवासहीन व्यक्तियों को निःशुल्क भूमि आवंटन का कार्य किया जायेगा।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, नगरीय विकास विभाग एवं स्वायत शासन विभाग, रूडसिको, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग एवं जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित भूमि पर आवास की व्यवस्था हेतु आवश्यक कार्यवाही के कार्य किये जायेगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग एवं जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजना यथा पालनहार, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, आदि योजनाओं में पात्रता होने पर नियमानुसार जोड़ने के कार्य किये जायेगे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे