रियो डी जनेरियो। पांचवीं विश्व वरीयता प्राप्त भारत की शीर्ष महिला
बैडमिंटन खिलाडी सायना नेहवाल ने गुरूवार को जीत के साथ रियो ओलिंपिक में
अपने अभियान की शुरूआत की। रियोसेंट्रो खेल प्रांगण के पवेलियन-4 में हुए महिला एकल वर्ग के मुकाबले
में हालांकि सायना को मेजबान देश ब्राजील की लोहान्नी विसेंट से कडी चुनौती
मिली। सायना ने विसेंट को 21-17, 21-17 से हराया। हालांकि जीत हासिल करने
के लिए सायना को 73वीं विश्व वरीयता प्राप्त विसेंट के खिलाफ 39 मिनट तक
कठिन संघर्ष करना पडा।
सायना ने पहले गेम की शुरूआत तो अच्छी की और एक समय 6-3 की बढत भी ले ली थी
लेकिन विसेंट ने जल्द ही इसे 10-10 कर लिया। इसके बाद दोनों खिलाडियों के
बीच एक-एक अंक के लिए कठिन मुकाबला देखने को मिला और 17-17 तक मुकाबला
बराबरी पर रहा। सायना ने इसके बाद लगातार चार अंक हासिल करते हुए गेम अपने
नाम किया।
दूसरे गेम में भी सूरते हाल यही रहा, लेकिन इस बार सायना ने लगातार बढत
कायम रखी। सायना ने 6-5 के बाद लगातार पांच अंक हासिल करते हुए 11-5 की
आरामदायक बढत हासिल कर ली थी। हालांकि विसेंट घरेलू दर्शकों के सामने जल्दी
हार मानने वाली नही थीं और उन्होंने स्कोर 11-14 तक कम कर लिया।
सायना ने
एक बार फिर लगातार चार अंक हासिल करते हुए अपनी बढत 20--14 कर ली और जीत
उनसे सिर्फ एक कदम दूर रह गई थी।
विसेंट लेकिन यहां भी हार नहीं मानने वाली थीं और उन्होंने अंकों के इस
अंतर को पाटते हुए 17-20 कर लिया। हालांकि सायना को अंतत: वह एक अंक मिल
गया, जिसने मैच उनकी झोली में गिरा दिया।
(आईएएनएस)