चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सरकारी कालेजों में विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक सत्र 2016-17 से बीए, बीकॉम, बीएससी, एम.ए., एम.कॉम और एमएससी के प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए 20 प्रतिशत तक सीटें बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह जानकारी उन्होंने गुरुवार को चंडीगढ़ में उच्चत्तर शिक्षा विभाग हरियाणा के ‘ऑनलाइन कॉलेज प्रवेश प्रणाली’ के वैबपोर्टल लांच करने के अवसर पर दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में छात्रों की लगातार मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने सरकारी कॉलेजों में आवश्यकता के अनुसार सीटें बढ़ाने का फैसला किया है। राज्य के सभी 108 सरकारी कालेजों में सरकार विद्यार्थी-शिक्षक अनुपात का ध्यान रखेगी।