भरतपुर । आमजन की समस्याओं को लेकर जिला स्तरीय जनसुनवाई जिला कलक्ट्रेट के सभागार में गुरूवार को जिला कलक्टर एलएन सोनी की अध्यक्षता में की गई। जनसुनवाई में 133 प्रकरण आये जिनमें विद्युत, पेयजल, भामाशाह, पालनहार, पेंशन, भूमि विवाद, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम दर्ज कराने, उचित मूल्य के खाद्यान वितरण के मामले प्रमुखता से आये। जिला कलक्टर सोनी ने जनसुनवाई में आये हुये परिवादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर ही समस्या के निस्तारण करने के निर्देश दिये।
उन्होंने जनसुनवाई में आये हुये कामां निवासी महिला के द्वारा घर के बाहर अतिक्रमण करने की शिकायत पर संबंधित परिवाद का निस्तारण करने के लिए तहसीलदार कामां को वास्तविक जानकारी लेकर समस्या के समाधन करने के निर्देश दिये। जिला स्तरीय जनसुनवाई में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन ओपी जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर दिनेश कुमार जांगिड, नगर निगम के आयुक्त लक्ष्मीकान्त बालौत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लालाराम गुगरवाल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।