मां-बाप जिंदा,9माह की बेटी हो गई अनाथ

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 11 अगस्त 2016, 4:54 PM (IST)

इंदौर। मां और बाप के जिंदा होते हुए भी एक नौ महीने की मासूम अनाथ हो गई। एक कलयुगी मां ने अपनी ममता का खून कर नौ महीने की बच्ची को अनाथालय छोडने पहुंच गई। इस मासूम का कसूर सिर्फ इतना है कि वह लडकी बनकर पैदा हुई। बुधवार को चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी के सामने बाणगंगा निवासी 26 वर्षीय महिला मासूम को छोडऩे पहुंची। मां ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी की और उसे अनाथालय में रखने की अनुमति मांगी। उसका कहना था कि वह बच्ची को नहीं पाल सकती। बच्ची किसी को गोद दे दी जाए। कमेटी के सदस्यों ने महिला को काफी समझाया, लेकिन वह अपनी मजबूरी का हवाला देते हुए नहीं मानी।

बच्ची को सौंपते समय वह भावुक भी हुई, लेकिन फैसले पर कायम रही। उसका बेटा भी साथ था। महिला का कहना था कि यह तो पल जाएगा, लेकिन बेटी को कहां-कहां लेकर भटकूंगी। समिति की अध्यक्ष साधना परांजपे, सदस्य शबाना पारेख ने बताया कि बच्ची की सरेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है।

हालांकि तीन महीने तक उसे अपना फैसला बदलने का अधिकार है। महिला बोली- लडक़ी पैदा होने पर दूसरे पति ने भी छोड़ दिया ऐसा करने के पीछे महिला ने जो कहानी बताई, वह भी समाज की हकीकत उजागर करने वाली है। उसने बताया कि चार साल पहले उसे पहले पति ने इसलिए छोड़ दिया था, क्योंकि उसे तीन लड़कियां हुई थीं।
दूसरी शादी की तो कुछ समय ठीक चला। दूसरे पति से दो साल का लडक़ा है। दूसरी लडक़ी पैदा हुई। लडक़ी जन्म होने के बाद से पति मारपीट करने लगा, क्योंकि उसे लडक़ा ही चाहिए था। कुछ समय पहले बच्चों सहित घर से निकाल दिया। महिला के मुताबिक पेट भरने के लिए काम करना जरूरी है।

दोनों में से एक बच्चे को पाल सकती हूं। इसीलिए लडक़ी को छोडऩे का फैसला लिया। सालभर में दस लड़कियां हो चुकी है सरेंडर सोसायटी के मुताबिक सालभर में दस लड़कियों को सरेंडर किया जा चुका है। ज्यादातर मामलों में मां खुद बच्चों को छोडऩे आईं। इनमें से कुछ बच्चियां दुष्कर्म पीडि़ताओं की हैं तो कुछ गरीब माता-पिता की। सभी बच्चों को गोद देने के लिए अलग-अलग संस्थाओं में रखा गया है। ज्यादातर गोद दिए जा चुके हैं।