रायगढ़ : पत्नी बनी पति की कातिल, लैलूंगा पुलिस ने हत्या का मामला 24 घंटे में सुलझाया

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 19 नवम्बर 2024, 5:55 PM (IST)

रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ लुड़ेग में हुई युवक निलांबर यादव (28) की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसे पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा लिया। इस हत्या के पीछे कोई और नहीं बल्कि मृतक की पत्नी तिलासो माझी ही निकली, जिसने पति की चरित्र शंका और प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर उसे धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया।

16 नवंबर की सुबह निलांबर यादव का लहूलुहान शव उसके घर की खाट पर पड़ा मिला। गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

मृतक के चचेरे भाई सेतराम राउत ने बताया कि निलांबर आठ साल पहले तिलासो माझी को पत्नी बनाकर घर लाया था और उनका चार साल का बेटा भी है। घटना के दिन गांव में कार्तिकेश्वर मेला चल रहा था, जहां परिवार के अन्य सदस्य गए थे। जब सुबह हत्या की सूचना मिली, तो परिजन घर पहुंचे और निलांबर का शव खाट पर पड़ा देखा।

पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में जांच तेज़ की गई। घटनास्थल की गहन पड़ताल और डॉग स्क्वाड की मदद से सबूत इकट्ठा किए गए। शुरुआती पूछताछ के बाद शक की सुई पत्नी तिलासो माझी पर टिक गई। सख्ती से पूछताछ करने पर तिलासो ने अपना अपराध स्वीकार किया।

तिलासो माझी ने बताया कि 16 नवंबर की रात मेला देखकर लौटने के बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ। चरित्र शंका और प्रताड़ना से तंग आकर उसने घर में रखी टांगी उठाई और निलांबर के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी बरामद कर ली है। आरोपिया तिलासो माझी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस तेज़ कार्रवाई के लिए लैलूंगा पुलिस की सराहना हो रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे