करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री के छोटे से गांव से आने वाले अंशुल कंबोज ने रणजी ट्रॉफी में एक अभूतपूर्व कारनामा कर इतिहास रच दिया है। हरियाणा के लिए खेलने वाले अंशुल ने केरल के खिलाफ अपनी शानदार गेंदबाजी से सभी को हैरान कर दिया। अंशुल ने एक ही पारी में 10 विकेट लेकर न सिर्फ मैच में धमाल मचाया, बल्कि वह रणजी ट्रॉफी में यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे गेंदबाज बने हैं।
रोहतक के लाहली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अंशुल कंबोज ने केरल के सभी बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाते हुए 10 विकेट झटके। यह हरियाणा रणजी टीम के किसी खिलाड़ी द्वारा किया गया पहला कारनामा है, और रणजी इतिहास में यह तीसरी बार हुआ है कि किसी गेंदबाज ने एक पारी में 10 विकेट लिए हैं।
अंशुल का यह प्रदर्शन फर्स्ट क्लास क्रिकेट, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और रणजी क्रिकेट में भारत के लिए किसी भी खिलाड़ी द्वारा छठी बार किया गया है। अंशुल कंबोज की इस बेहतरीन गेंदबाजी ने न केवल उनके करियर को एक नई ऊंचाई दी है, बल्कि वह अब भारतीय क्रिकेट टीम की दहलीज पर खड़े हैं।
अंशुल ने अपनी क्रिकेट यात्रा की शुरुआत करनाल की राणा ब्रदर्स एकेडमी से की थी, जहां वह अपने कोच सतीश राणा से प्रशिक्षण लेते हैं। वह मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में खेल चुके हैं और भारत के अंडर 19 टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। अंशुल की सफलता ने उनकी एकेडमी में खुशी का माहौल बना दिया है, और उनके साथी खिलाड़ी भी इस उपलब्धि से प्रेरित हैं।
अंशुल की इस शानदार उपलब्धि के बाद, अब उनकी निगाहें टीम इंडिया में अपनी जगह बनाने पर हैं। उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से यह उम्मीद जताई जा रही है कि वह जल्द ही भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनेंगे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे