क्वेटा में दहला एक और अस्पताल,14घायल

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 11 अगस्त 2016, 12:07 PM (IST)

क्वेटा। पाकिस्तान के अशांत दक्षिण पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा में एक अस्पताल के निकट एक न्यायाधीश को निशाना बनाकर गुरूवार को किए गए विस्फोट में कम से कम 14 लोग घायल हो गए। यह विस्फोट इसी इलाके में हुए भीषण हमले में 74 लोगों के मारे जाने के कुछ दिनों बाद हुआ है। क्वेटा के जारघांव रोड पर न्यायमूर्ति जहूर शाहवानी के वाहन के साथ जा रहे आतंकवाद निरोधक बल के वाहन से टकराने से हुए विस्फोट में 14 लोग घायल हो गए।

बलूचिस्तान के गृह मंत्री सरफराज बुगती ने बताया कि न्यायाधीश हमले में बच गए लेकिन उनकी सुरक्षा में लगे वाहनों में से एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बम सड़क के किनारे लगाया गया था और आतंकवाद रोधी बल का वाहन गुजरने के बाद उसमें विस्फोट हुआ।

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार बचाव अधिकारियों ने बताया कि बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी में अल खर अस्पताल के निकट हुए विस्फोट में 10 असैनिक और चार सुरक्षा अधिकारी घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर है। विस्फोट में आस-पास के भवनों की खिड़कियों के कांच टूट गए। पुलिस प्रवक्ता शहजादा फरहत ने बताया कि पुलिस अधिकारी और राहगीर घायल हुए हैं। सुरक्षा बल और बम निरोधक दस्ता साक्ष्य एकत्र करने के लिए घटनास्थल पर पहुंचा है। बचाव दल ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया है।

बता दें कि इससे पहले सोमवार को क्वेटा के सिविल अस्पताल में आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें 75 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर वकील और पत्रकार थे। यह हमला उस वक्त हुआ था जब क्वेटा स्थित सिविल अस्पताल में 200 से अधिक लोग जमा थे। वहां बलूचिस्तान बार एसोसिएशन (बीए) के अध्यक्ष अधिवक्ता बिलाल अनवर कसी का शव लाया गया था, जिनकी दिन में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के धड़े जमात उल अहारा के प्रवक्ता इंशाउल्ला अहसान ने मीडिया संगठनों को एक ई-मेल में बताया कि उसका गुट क्वेटा में हुए हमले की जिम्मेदारी लेता है और पाकिस्तान में इस्लामी प्रणाली लागू होने तक हमले जारी रखने का संकल्प लिया।