जयपुर। डिस्काॅम्स चेयरमैन एवं जयपुर विद्युत वितरण निगम की प्रबन्ध निदेशक सुश्री आरती डोगरा ने रिवेम्पड रिफार्म बेस्ड एण्ड रिजल्ट लिंक्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश प्रदान किए कि योजना के तहत किए जा रहे कार्यों को समय पर पूर्ण करवाएं, जिससे इस योजना का लाभ उपभोक्ताओं को शीघ्र मिल सके। इस योजना के तहत किए जा रहे कार्यों से विद्युत तंत्र में सुधार होने से विद्युत आपूर्ति एवं ओवरलोडिंग की समस्या दूर होगी, जिससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति होगी और विद्युत छीजत में कमी आएगी।
सुश्री डोगरा गुरूवार को विद्युत भवन के कॉन्फ्रेंस हाॅल में आयोजित बैठक में आरडीएसएस योजना के तहत किए जा रहे इन्फ्रास्ट्रक्चर के कार्यों में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा कर रही थी। उन्होंने इस योजना के तहत नए 33/11 केवी सब- स्टेशन बनाने, 33 केवी फीडर सेग्रीगेशन, 11 केवी फीडर सेग्रीगेशन, एचडीवीएस कार्य एवं केबलिंग के कार्य में सर्किलवार हुई प्रगति व आवश्यक मैटेरियल की उपलब्धता के बारे में संबंधित सर्किल के अधीक्षण अभियन्ता, अधिशासी अभियन्ता (आरडीएसएस) व काॅन्ट्रेक्टर्स से एक-एक कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की और कमजोर प्रगति वाले सर्किलों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
डिस्काॅम्स चेयरमैन ने बैठक में उपस्थित काॅन्ट्रेक्टर्स को कहा कि योजना के तहत की जा रही हर एक्टिविटी के लिए अलग-अलग टीमें लगाने के साथ ही कार्य को समय पर पूरा करने के लिए टीमों की संख्या को बढाएं ताकि कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण हो सके। इसके साथ ही उन्होंने डिस्काॅम के अधिशासी अभियन्ता (आरडीएसएस) को भी निर्देश प्रदान किए कि वे फील्ड में जाकर नियमित रुप से कार्यों की माॅनिटरिंग करें और कार्य के दौरान आने वाली मैटेरियल, भूमि आवंटन व अन्य समस्याओं को दूर करने के लिए विशेष प्रयास करें।
बैठक में निदेशक तकनीकी एस.एस.नेहरा, अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता पीपीएम आर.के. शर्मा, अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता एमएम आर.के.मीना, अधीक्षण अभियन्ता आरडीएसएस, सभी सर्किलों के अधिशासी अभियन्ता आरडीएसएस, काॅन्ट्रेक्टर्स उपस्थित रहे व सर्किल अधीक्षण अभियन्ता वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से जुडे़।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे