लंदन। फ्रेंच
मिडफील्डर पॉल पोग्बा ने इटली के फुटबॉल क्लब जुवेंटस से अपने स्थानांतरण
को पूरा करते हुए मैनचेस्टर युनाइटेड के साथ पांच साल का करार किया है।
प्रीमियर लीग क्लब ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। हालांकि इस अनुबंध की लागत
के बारे में जानकारी साझा नहीं की गई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार
ब्रिटिश मीडिया ने पोग्बा के स्थानांतरण की कीमत 8.9 करोड़ पाउंड लगाई है। पोग्बा ने कहा कि मैं युनाइटेड के साथ फिर से जुड़कर खुश हूं।
इस
क्लब के लिए मेरे दिल में हमेशा से खास जगह रही है और मैं जोस मोरिन्हो के
साथ काम करने का इंतजार कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैंने जुवेंटस क्लब
के साथ अपने समय का पूरी तरह से आनंद लिया और इसके साथ मेरी काफी अच्छी
यादें जुड़ी हुई हैं। युनाइटेड के कोच मोरिन्हो ने कहा कि पोग्बा विश्व के
बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं और क्लब का अहम हिस्सा रहेंगे। वे काफी
तेज और मजबूत खिलाड़ी हैं।
मैनचेस्टर सिटी ने डिफेंडर स्टोंस के साथ किया करार...
मैनचेस्टर।
इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर सिटी ने मंगलवार को इंग्लैंड
के लिए खेलने वाले डिफेंडर जॉन स्टोंस के साथ करार की घोषणा की। यह करार
6.16 करोड़ डॉलर में हुआ है। इससे पहले वे एवर्टन के लिए खेल रहे थे। 22 साल
के स्टोंस ने सिटी के साथ छह सीजन के लिए करार किया है। स्टोंस ने कहा कि
यह एक महत्वाकांक्षी क्लब है और फिर पेप गुआर्डियोला जैसे मैनेजर हैं।
इसलिए मैं इस करार को ना नहीं कह सका।
मोंटोया ने किया वेलेंसिया का रुख...
बार्सिलोना।
स्पेनिश क्लब एफसी बार्सिलोना के खिलाड़ी मार्टिन मोंटोया चार साल के करार
पर वेलेंसिया में शामिल हो गए हैं। दोनों फुटबॉल क्लबों ने इसकी पुष्टि की।
वेलेंसिया क्लब ने अपने बयान में कहा कि उसने तथा मार्टिन ने अनुबंध पर
हस्ताक्षर कर लिए हैं। वे अगले चार सत्र के लिए क्लब से जुड़ रहे हैं।
मोंटोया 2011 में कैम्प नोउ स्टेडियम में पहले स्तर की टीम में शामिल हुए,
लेकिन बार्सिलोना के लिए पांच सत्र में ला लीगा में केवल 45 मुकाबले ही खेल
पाए। मोंटोया (25) को लोन पर इंटर मिलान और रियल बेतिस में शामिल किया गया
था।
सोसिएदाद ने रुली के साथ किया करार...
मेड्रिड। स्पेनिश फुटबॉल
क्लब रियल सोसिएदाद ने मंगलवार को गोलकीपर जेरोनिमो रुली के साथ करार की
पुष्टि की। रुली हालांकि लोन पर आधारित करार पर दो सीजन पहले से ही
सोसिएदाद के लिए खेल रहे हैं। रुली ने बीते दो सीजन में सोसिएदाद के लिए 58
लीग मैच खेले हैं। अब क्लब ने उन्हें औपचारिक तौर पर अपने साथ जोड़ लिया
है। नए करार के मुताबिक रुली दिसम्बर के अंत तक लोन पर ही सोसिएदाद के साथ
रहेंगे और इसके बाद 2022 तक वे क्लब के अपने खिलाड़ी हो जाएंगे।
(IANS)