बुलंदशहर गैंगरेप: IG ने की पीडि़ता के पिता की पहचान उजागर

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 09 अगस्त 2016, 4:15 PM (IST)

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश पुलिस ने बुलंदशहर गैंगरेप केस के मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी की जानकारी देने के लिए बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीडि़ता के पिता की पहचान उजागर कर नियमों की धज्जियां उड़ा दीं। इतना ही नहीं, आईजी मेरठ जोन सुजीत कुमार पांडेय ने पीडि़ता के पिता को कैमरे के सामने भी पेश कर दिया। दरअसल, बुलंदशहर गैंगरेप कांड पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के आईजी मेरठ जोन मीडिया के सामने आए।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का मकसद था इस मामले में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी समेत 6 लोगों के बारे में पुलिस के ऑपरेशन के बारे में मीडिया को बताना, लेकिन इस दौरान उन्होंने पीडि़त परिवार की पहचान उजागर कर दी। उन्होंने पीडि़ता के पिता का नाम ले लिया जबकि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के मुताबिक यौन शोषण पीडि़त की पहचान नहीं उजागर की जा सकती है। यूपी पुलिस ने बुलंदशहर गैंगरेप के मुख्य आरोपी सलीम बावरिया समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने बावरिया को राजस्थान से पकड़ा है। इस केस को लेकर यूपी पुलिस आज अहम खुलासा कर सकती है। बताया जा रहा है कि पीडि़त परिवार ने बावरिया गैंग की पहचान कर ली है।
गौरतलब है कि 29 जुलाई की रात हाईवे-91 पर नोएडा से शाहजहांपुर जाते समय कार सवार परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की गई और मां-बेटी के साथ गैंगरेप किया गया।