वाशिंगटन। आपने अब तक पैसे के एटीएम, दूध के एटीएम या पानी के एटीएम के बारे में सुना और देखा होगा। अब पिज्जा एटीएम खुल गया है। जी हां, अब पिज्जा प्रेमी सिर्फ तीन मिनट के अंदर गर्मागर्म पिज्जे का मजा ले सकते है। ये पिज्जा वेंडिंग मशीन अमेरिका के ओहियो प्रांत की जेनिवर्स यूनिवर्सिटी में लगाई गई है।
इसमें 12 इंच के 70 पिज्जा रखने की क्षमता है। इस मशीन में पिज्जा को ताजा रखने के लिए रेफ्रिजरेशन सिस्टम और इसे गर्म करने के लिए ओवन लगा हुआ है। 24 घंटे चलने वाली मशीन की टचस्क्रीन के जरिये ग्राहक अपनी पंसद का पिज्जा चुन सकते हैं।
आर्डर के बाद इस मशीन से महज तीन मिनट में ताजा और गर्मागर्म पिज्जा खाने को मिल जाएगा। टेक टाइम्स के अनुसार, दस अगस्त से पिज्जा एटीएम आम जनता के लिए खुल जाएगा।
इससे प्रत्येक पिज्जा दस डॉलर (करीब 667 रुपये) का पड़ेगा। इसके लिए क्रेडिट और डेबिट कार्ड के अलावा स्टूडेंट कार्ड से भी भुगतान किया जा सकेगा। एटीएम विकसित करने वाली फ्रांस की कंपनी पलाइन ने कहा कि इसमें पिज्जा का स्वाद और गुणवत्ता सुरक्षित रहता है।