-ज्योत्स्ना एवं बालक युवराज का हाथों-हाथ हुआ आधार कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन
डूंगरपुर। जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह द्वारा आमजन एवं विशेष योग्यजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष पहल करते हुए ब्लॉक स्तर पर विशेष योग्यजन सहायता शिविर एवं जनसुनवाई का अनुठा नवाचार किया है। इसके अन्तर्गत सीमलवाड़ा उपखंड क्षेत्र में विशेष योग्यजन सहायता शिविर एवं जनसुनवाई आयोजित की गई जिसमें बरसी राहत से शिविर में पहुंचे दिव्यांग जन मौके पर ही जांच, रजिस्ट्रेशन एवं निःशक्तता प्रमाण पत्र से लाभान्वित हुए। शिविर में प्रधान कारीलाल ननोमा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। शिविर में समस्त अधिकारियों ने दिव्यांगजन से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं के विस्तार पूर्वक जानकारी भी प्रदान की।
61 विशेष योग्यजन को हाथों-हाथ मिले निशक्तता प्रमाण पत्र
जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह के निर्देशानुसार पंचायत समिति सीमलवाड़ा के विनोबा भावे खेल मैदान में गुरुवार को विशेष योग्यजन सहायता शिविर और जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में दिव्यांगजन के निःशक्तता प्रमाण पत्र बनाए जाने के साथ ही पात्रता के अनुसार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में हाथों-हाथ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी किया गया। शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलंकार गुप्ता सहित मौजूद विशेषज्ञ एवं मेडिकल टीम द्वारा शिविर में पहुंचने वाले दिव्यांगों की मौके पर ही जांच की गई तथा नियमानुसार निःशक्तता प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिविर प्रभारी ने बताया कि शिविर में कुल 166 रजिस्ट्रेशन हुए जिसमें से 61 को नियमानुसार निःशक्तता प्रमाण पत्र जारी किए गए। उन्होंने बताया कि ऐसे दिव्यांगजन जिनकी जांच जिला मुख्यालय पर ही संभव है, उन्हें जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया।
तत्काल आनलाईन हुए रजिस्ट्रेशन
शिविर में जिला कलक्टर के निर्देशानुसार जारी निःशक्तता प्रमाण पत्र के साथ ही मौके पर ही मौजूद समस्त विभागों के हेल्प डेस्क पर मौजूद कर्मचारियों ने पात्रता के अनुसार जनकल्याणकारी योजनाओं में तत्काल ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया, जिससे ये विशेष योग्यजन जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकेंगे।
हाथों हाथ दिए निःशक्तता प्रमाण पत्र
विशेष योग्यजन के मेडिकल जांच के बाद बने हैं निःशक्तता प्रमाण पत्र जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने मौके पर ही दिव्यांगजनों के पास पहुंचकर उनके हाथों में सौपे।
मौके पर ही मिली राहत
शिविर में पहुंचे विशेष योग्यजन ज्योत्सना के फिंगरप्रिंट नहीं आने तथा लगभग ग्यारह वर्षीय युवराज के दृष्टि की समस्या के कारण आधार के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा था। जिला कलक्टर सिंह ने तत्काल ही समाधान करते हुए नियमानुसार उपखंड स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की अनुशंषा के द्वारा मौके पर ही रजिस्ट्रेशन करवा कर दोनों को हाथों हाथ आधार रजिस्ट्रेशन की रसीद प्रदान की, अब जल्दी उन्हें आधार कार्ड प्राप्त हो जाएगा, जिससे वे अन्य योजनाओं से भी लाभांवित हो सकेंगे।
की जनसुनवाई, दिए निर्देश
इस अवसर पर जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने जनसुनवाई करते हुए आमजन के अभाव अभियोग को सुना तथा शिविर में मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारी को मौके पर ही बुलाकर त्वरित समाधान के निर्देश प्रदान किए।
यह आई परिवेदनाएं
जनसुनवाई में आधार कार्ड बनाने, माना का देव स्कूल की जमीन का सामूहिक वनाधिकार पट्टा विद्यालय के लिए जारी करने, खरपेड़ा में खेल मैदान बनाने, सफाई कर्मियों को भुगतान करवाने सहित आई परिवेदनाओं को कलक्टर ने तसल्ली से सुना तथा शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे