सहरसा। सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन से करीब 200 हाजियों का जत्था आज उमराह के लिए दिल्ली रवाना हुआ। यह जत्था पुरवइया एक्सप्रेस से दिल्ली पहुंचेगा, जहां से 28 सितंबर को फ्लाइट द्वारा सऊदी अरब के जद्दा शहर स्थित मक्का मदीना के लिए उनकी यात्रा शुरू होगी। हाजियों के इस महत्वपूर्ण धार्मिक सफर के अवसर पर रेलवे स्टेशन पर एक विशेष दुआ महफिल का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर इस अवसर पर गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली। युवा समाजसेवी श्याम जयसवाल ने हाजियों को फूलमाला पहनाकर और गले मिलकर उनका स्वागत किया, जिससे हिंदू-मुस्लिम एकता का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत हुआ। जयसवाल ने इस मौके पर कहा, "यह हमारा सौभाग्य है कि हमें हाजियों का स्वागत करने का अवसर मिला। हम इश्वर से कामना करते हैं कि इनकी यात्रा सफल हो।"
रानीबाग जामा मस्जिद के इमाम हाफिज मुमताज रहमानी ने बताया कि सहरसा, सुपौल और बिहार के अन्य जिलों से कुल लगभग 200 लोग इस जत्थे में शामिल हैं। सभी हाजी दिल्ली से फ्लाइट द्वारा सऊदी अरब की पवित्र धरती पर जाएंगे। इमाम रहमानी ने कहा कि इस उमराह यात्रा के दौरान सभी हाजी हिंदुस्तान में अमन, शांति और भाईचारे के लिए विशेष प्रार्थना करेंगे।
इस पूरे आयोजन ने न सिर्फ धार्मिक एकता का संदेश दिया, बल्कि समाज में प्रेम और सद्भाव की भावना को भी प्रबल किया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे