चंडीगढ़। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को कड़े हाथों लेते हुये कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और अरविंद केजरीवाल सफेद दिन पंजाब में सत्ता संभालने के सपने लेने छोड़ दें क्योंकि उनके सपने कांच की तरह टूंटेंगे।
कौर ने कहा कि पंजाब के लोग प्रकाश सिंह बादल को लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने का मन बनाये बैठे हैं। कैप्टन अमरिंदर एवं अरविंद केजरीवाल को उनके द्वारा लोगों को दिखाये जा रहे सब्जबागो के लिए सबक सिखायेंगे। बादल ने कहा कि लोगों का भरोसा विकास एवं विकासमुखी राजनीति में है पर वह इन पार्टियों के गुमराहकुन प्रचार से सचेत रहें।
कैप्टन अमरिंदर सिंह को लोगों द्वारा बुरी तरह नकारा नेता बताते हुये बादल ने कहा कि कैप्टन के राज के दौरान पंजाब विकास की पटरी से उतर गया था जिससे संपूर्ण पंजाब अच्छी तरह वाकिफ है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने के कारण कैप्टन महलों से बाहर आ गये हैं और चुनावों के बाद पुन: महल वापिस लौट जायेंगे। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार आप के खास मुखी और उनके खास लीडरों की टोली चुनावों के बाद लोगों को नही मिलेंगे।