इस्लामाबाद। आतंक की पनाहगाह बन चुका पाकिस्तान अब दूसरे मुल्कों पर जासूसी के आरोप लगा रहा है। पाकिस्तान ने एक अमेरिकी नागरिक को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। इसका नाम क्रेग बैरेट है। बैरेट को कुछ साल पहले पाकिस्तान ने जासूसी के आरोप में ब्लैकलिस्ट किया था। उसे इस्लामाबाद से गिरफ्तार किया गया है। ज्ञात रहे कि पांच साल पहले भी रेमंड डेविस नाम के एक अमेरिकी नागरिक को पाकिस्तान ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में उस दौरान दोनों देशों में काफी तनातनी भरा माहौल रहा था।
क्यों किया गिरफ्तार
क्रेग बैरेट (33) को इस्लामाबाद के ही करीब एक न्यूक्लियर फेसेलिटी की
जासूसी के आरोप में पांच साल पहले भी गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद
पाकिस्तान ने उसको डिपोर्ट करते हुए देश में घुसने पर रोक लगा दी थी। बैरेट
जब एक बार फिर इस्लामाबाद पहुंचा तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पाकिस्तानी
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता सरफराज हुसैन ने कहा कि अगर मामला गंभीर होने पर
ही किसी को ब्लैकलिस्ट किया जाता है।
मिले नकली और संवेदनशील कागजात
हालांकि,
ये साफ नहीं हो पाया है कि बैरेट पाकिस्तान कब पहुंचा था। बताया जाता है
कि बैरेट के पास यात्रा के नकली कागजात और संवेदनशील जानकारी थी। कुछ
खबरोंं में ये भी कहा गया है कि बैरेट फैमिली विजिट पर पाकिस्तान आया था।
उसका वीजा ह्यूस्टन से जारी हुआ और उसके साथ सैयदा अल्ताफ नाम की
पाकिस्तानी महिला भी थी। बैरेट सैयदा को पत्नी बताता है। जानकारी के
मुताबिक, बैरेट मामले में ढील बरतने के आरोप में कई पाकिस्तानी अफसरों को
सस्पेंड भी किया गया है। आईएसआई इस मामले की जांच कर रही है।
क्या फिर होगा टकराव
बैरेट
की गिरफ्तारी ने जनवरी 2011 में अमेरिका के ही रेमंड डेविस मामले की याद
ताजा कर दी है। डेविस सीआईए का कॉन्ट्रेक्टर था। उसने लाहौर में दो लोगों
की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मसले पर दोनों देशों के बीच बेहद टकराव
हुआ था। अमेरिका ने डेविस की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा था कि उसे
डिप्लोमैटिक इम्युनिटी हासिल है। इसलिए उसे अरेस्ट नहीं किया जा सकता।
पाकिस्तान ने इसे इंटरनल अफेयर्स में दखलंदाजी बताते हुए अमेरिका को
वॉर्निंग दी थी।
दबाव में रहेंगे ओबामा
ओबामा अपने कार्यकाल के आखिरी
दौर में अमेरिका को कमजोर साबित नहीं होने देंगे। ऐसे में माना जा रहा है
कि बैरेट की गिरफ्तारी से दोनों देशों के बीच एक बार फिर राजनयिक गतिरोध हो
सकता है। प्रेसिडेंशियल कैंडिडेट डोनाल्ड ट्रम्प ओबामा पर पहले ही अमेरिका
को कमजोर करने का आरोप लगा रहे हैं। हिलेरी क्लिंटन भी अमेरिकी नागरिकों
के मुद्दे पर सख्ती से पेश आने के संकेत दे चुकी हैं।
ब्लड मनी लॉ के तहत छूटा था डेविस
डेविस को पाकिस्तान के ब्लड मनी लॉ के तहत रिहा किया गया था। इस कानून के मुताबिक, अगर मारे गए आदमी या महिला का परिवार आरोपी से पैसा लेकर समझौता कर लेता है तो सरकार या अदालत उसे रिहा कर सकती है। हालांकि, डेविस की रिहाई के बारे में ये खबरें भी आईं थीं कि उसकी रिहाई पर अमेरिका और पाकिस्तान में एक सीक्रेट डील हुई थी।