बासेटेरे (सेंट किट्स)। मैन ऑफ द मैच आंद्रे रसैल की धमाकेदार शतकीय पारी की मदद से जमैका तलावास ने चौथी कैरेबियन प्रीमियर लीग के फाइनल में जगह बना ली। जमैका ने दूसरे क्वालिफाइंग फाइनल मुकाबले में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 19 रन से हरा दिया। अब जमैका फाइनल में रविवार को अमेजन वॉरियर्स से भिड़ेगा।
इससे पहले ट्रिनबागो के कप्तान ड्वेन ब्रावो ने टॉस जीतकर जमैका को
बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। जमैका ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट
पर 195 रन बनाए। रसैल ने 44 गेंदों पर तीन चौकों व 11 छक्कों की मदद से 100
रन की पारी खेली। कप्तान क्रिस गेल ने 35, शाकिब अल हसन ने 19 व चाडविक
वाल्टन ने 15 रन का योगदान दिया। कुमार संगकारा सिर्फ पांच रन ही बना सके।
केवोन कूपर ने तीन, सुनील नरेन, ब्रावो व एंडरसन फिलिप ने 1-1 विकेट लिया।
जवाब
में ट्रिनबागो ने जब 12 ओवर में सात विकेट पर 110 रन बना लिए थे, तो उसके
बाद बरसात के कारण खेल नहीं हो पाया। कोलिन मुनरो ने 26 गेंदों पर छह चौकों
व एक छक्के की बदौलत सर्वाधिक 38 और हाशिम अमला ने 37 रन बनाए। उमर अकमल
(6), ब्रेंडन मैकुलम (8), ब्रावो (0) फ्लॉप साबित हुए। शाकिब ने तीन, रसैल
ने दो और इमाद वसीम ने एक विकेट झटका।
दूसरा टेस्ट : न्यूजीलैंड विशाल स्कोर की ओर
बुलावायो।
न्यूजीलैंड ने यहां क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में जिम्बाब्वे के खिलाफ शनिवार
को शुरू हुए सीरीज के दूसरे व अंतिम टेस्ट के पहले दिन अपनी स्थिति काफी
मजबूत कर ली। न्यूजीलैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 89.5 ओवर में दो
विकेट पर 329 रन बना लिए थे। टॉम लैथम ने 269 गेंदों पर 136 रन बनाए।
लैथम ने मार्टिन गुप्टिल के साथ पहले विकेट के लिए 169 रन की साझेदारी की। गुप्टिल को टिरिपानो ने पगबाधा किया। गुप्टिल ने 149 गेंदों पर 11 चौकों व एक छक्के की मदद से 87 रन का योगदान दिया। कीवी कप्तान केन विलियमसन ने 128 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से नाबाद 95 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड ने पहला टेस्ट पारी और 117 रन से जीता था।