हैदराबाद। तेलंगाना के महबूब नगर जिले में 30 हिरणों की मौत का मामला सामने आया है। इलाके में इतने हिरणों के एक साथ मरने की पहली घटना है। इसके बाद गांव में हडकंप मच गया है। माना जा रहा है कि घास खाने से हिरणों की मौत हो गई और घास में कीटनाशक था। वहीं, मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने हिरणों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हिरणों के मरने का असली कारण क्या था, इस पर रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आनी है। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने इतने सारे हिरणों को मृत पाया तो होश उड गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
अधिकारियों का मानना है कि मक्के के खेत की घास में कीटनाशक की मात्रा ज्यादा होगी जिसे ज्यादा चर लेने की वजह से हिरणों की मौत हुई। अधिकारियों ने बताया कि हम यह भी जांच कर रहे हैं कि गांव वालों ने अपने खेतों को जानवरों से बचाने के लिए कहीं जहर तो नहीं मिला दिया। स्थानीय किसानों ने बताया काला हिरणों के झुंड कृष्णा नदी में बारिश के कारण बनी बाढ़ की स्थिति के कारण मैदानी भागों में आ जाते हैं। वहीं, विशेषज्ञ इसे इंसान के लिए खतरे की घंटी बजा रहे है। माना जा रहा है कि जब घास खाने से हिरणों की मौत हो गई तो हम जो अनाज और सब्जी खाते हैं, वह कितनी जहरीली होगी।