नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, और कई अन्य नेताओं ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "समस्त देशवासियों को भाई-बहन के असीम स्नेह के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन की ढेरों शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के रिश्तों में नई मिठास और जीवन में सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य लेकर आए।"
गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर पोस्ट किया और लिखा, "समस्त देशवासियों को ‘रक्षाबंधन’ के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई-बहन के अटूट प्रेम व स्नेह के इस पर्व पर सभी के सुख व समृद्धि की प्रार्थना करता हूं।"
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा, "भाई-बहन के अटूट स्नेह व विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन की समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूं।"
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी एक्स पर पोस्ट कर देशवासियों को राखी की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में भारतीय समाज में भाई-बहन के रिश्तों के महत्व और महिलाओं की बराबरी को रेखांकित किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सबको रक्षा बंधन की बधाई दी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और रक्षाबंधन के पावन पर्व को नई मिठास और सुख-समृद्धि का प्रतीक बताया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे