डीग। जिला कलेक्टर श्रुति भारद्वाज और जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा गुरुवार रात 2 बजे हरियाणा के तरफ से अधिक पानी छोड़ देने पर नूँह बाँध हरियाणा सीमा पहुंचे। पहाड़ी और कामां के गांवों में हरियाणा बांध से अधिक पानी भर जाने की आशंका को देखते हुए खुद जिला कलेक्टर वहां पहुंची और परिस्थितियों पर काबू पाया।
इससे पूर्व जिला कलेक्टर ने डीग से अतिरिक्त जिला कलेक्टर संतोष कुमार मीणा, उपखंड अधिकारी डीग रवि गोयल, उपखंड अधिकारी नगर अनुराग हरित, उपखंड अधिकारी पहाड़ी सुनीता यादव, तहसीलदार पहाड़ी अनिल कुमार, सीओ पहाड़ी गिरिराज प्रसाद, सिंचाई विभाग एक्सईएन कृष्णा कुमार यादव, सिंचाई विभाग सहायक अभियंता पंकज सहित अन्य प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेज पल पल की घटनाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए।
बता दें कि हरियाणा के किसानों द्वारा मेवात में तटबंध को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जिसके कारण पहाड़ी ड्रेन में भारी मात्रा में पानी का आवक हुआ और पहाड़ी के ग्राम भौंरी व सामदीका में अधिक पानी भर जाने की संभावना थी। इसके अतिरिक्त पहाड़ी के ग्राम थलचाना, मंडल, कठौल, कंचनेर, खेड़ली अलीमुद्दीन, चर्निया कलां, सौमका, बड़ौदा, खेरावा, सहसन, खेड़ली काजी, चर्निया खुर्द, इवंका और कामां के भंडारा, नेतवाड़ी, मूसैपुर, वादीपुर, गुंड़गांव, कनवाड़ी, कनवाड़ा, अकाता, वलावटा आदि गांवों प्रभावित होने वाले थे।
परंतु जिला कलेक्टर के त्वरित संज्ञान से समस्या का निराकरण कर दिया गया।
उन्होंने समय रहते हुए नूँह के जिला कलेक्टर और नूँह व डीग के सिंचाई विभाग से समन्वय बनाते हुए सुबह 4:00 बजे तक पानी के आवक पर नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया। जब तक पानी का आवक नही रुका तब तक जिला प्रशासन मौके पर डटा रहा।
रोहिंगा कलां रेगुलेटर हरियाणा क्रॉस का गेट बंद के होने के पश्चात पानी के बहाव पर पूर्णता नियंत्रण पाया गया।
सिंचाई विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त पहाड़ी ड्रेन व नूँह ड्रेन की मरम्मत की जा रही है। तत्काल कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपदा को रोकने के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव आपदा प्रबंधन, प्रभारी सचिव डीग और संभागीय आयुक्त भरतपुर ने श्रीमति भारद्वाज द्वारा किए गए कार्यों के प्रशंसा की।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे