ईडाणा माता के दर्शन कर लौट रहे तीन युवक ट्रेलर की चपेट में आए, मौत

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 12 अगस्त 2024, 6:39 PM (IST)

उदयपुर। जिले के कुराबड़ क्षेत्र में बीती रात एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक एक ही बाइक से ईडाणा माता के दर्शन करके लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था। घटना को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। कुराबड़ थानाधिकारी चेल सिंह ने बताया कि हादसा रात साढ़े 11 बजे का है।

राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हॉस्पिटल लेकर गए लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर उनके परिवार के लोग भी हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने ड्राइवर की गिरफ्तारी नहीं होने तक पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया है। परिजन और ग्रामीणों से समझाइश की कोशिश की जा रही है। हादसे में लालपुरा निवासी अजय (20) पुत्र भेरूलाल मीणा, बुढल गांव निवासी पुष्कर (24) पुत्र वालचंद मीणा और बुढल निवासी युवराज (20) पुत्र प्यारेलाल मीणा की मौत हो गई। तीनों बाइक से ईडाणा माताजी के गए थे। दर्शन के बाद वापस घर लौट रहे थे। उदयपुर से कुराबड होकर लसाडिया की तरफ ट्रेलर जा रहा था।
आमने-सामने की टक्कर में तीनों युवकों की मौत हो गई। टक्कर मारकर ट्रेलर ड्राइवर भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने शवों को कुराबड़ राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉच्यूरी में रखवाया। आज सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाना था लेकिन परिजनों ने मना कर दिया। ग्रामीण और परिजन ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े है। जब तक ड्राइवर नहीं पकड़ा जाए, तब तक पोस्टमार्टम नहीं करने देंगे। तीनों युवकों के गांवों के लोग मॉच्यूरी के बाहर जुटे है। ड्राइवर की गिरफ्तार और परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे है।
मौके पर तहसीलदार बिजेंद्र सिंह, जिला परिषद सदस्य मदन सिंह कृष्णावत भी पहुंचे और समझाइश की कोशिश कर रहे है। युवक पुष्कर बीएसटीसी पास कर फर्स्ट लेवल टीचर की तैयारी कर रहा था। अजय बीए फाइनल ईयर में था और युवराज भी पढ़ाई कर रहा था। पुष्कर और युवराज थे चचेरे भाई रिश्तेदार गजेंद्र मीणा ने बताया- तीनों युवक आपस में दोस्त थे। पुष्कर और युवराज के पिता आपस में रिश्तेदार है। इस नाते दोनों का रिश्ता चचेरे भाइयों का था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे