डीडवाना। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा के नेतृत्व में डीडवाना उपखंड क्षेत्र में कस्टोडियम भूमियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। आज छठे दिन भी प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया जारी रखते हुए 390 बीघा भूमियों को खाली करवा लिया है।
इस अभियान के तहत डीडवाना, मोलासर, नावां और अन्य उपखंड क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को हटाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। फिलहाल, खाली भूखंडों पर कार्रवाई की जा रही है और उन पर सरकारी भूमि होने का बोर्ड लगाया जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने जानकारी दी है कि जिन भूमियों पर फसलों की खेती की गई है या जिन पर निर्माण कार्य चल रहा है, उन पर फिलहाल कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस समय सिर्फ खाली भूमियों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
अगले चरण में, फसलों की कटाई और निर्माण कार्यों की समीक्षा के बाद, उन भूमियों पर भी 91 की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस अभियान के दौरान ग्रामीणों द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। कई ग्रामीण जेसीबी मशीनों के सामने आकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और कार्रवाई को रोकने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा है कि वे अपनी आपत्तियां जिला कलेक्टर से मिलकर दर्ज करें, लेकिन ग्रामीण मौके पर ही प्रशासन को काम बंद करने के लिए कह रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई जनहित में की जा रही है और जिला कलेक्टर के निर्देशन में काम जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे