अब ट्रेनों में मिलेगा मनपसंद खाना

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 06 अगस्त 2016, 11:06 AM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे लगातार अपने यात्रियों की सुविधाओं के लिए प्रयासरत है। रेलवे अपने यात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर लेकर आया है। अब ट्रेनों में यात्रियों को मनपसंद खाना मिलेगा और ट्रेन के डिब्बों में बायो एवं वैक्यूम टॉयलेट्स लगाए जाएंगे। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने राज्यसभा में टॉयलट्स और खाने-पीने से जुड़े प्रश्नों के जवाब में बताया कि ट्रेनों में खाने की गुणवत्ता सुधारने पर काम चल रहा है और ट्रेनों में खानपान की व्यवस्था देखने के लिए आईआरसीटीसी एक नया आधुनिक ‘बेस किचन’ तैयार कर रही है।


ये किचन विभिन्न ट्रेनों में खानपान की क्वॉलिटी को सुधारेगा। रेल मंत्री ने कहा कि खानपान से जुडी सभी व्यवस्था आईआरसीटीसी को सौंपे जाने का कदम इसलिए उठाया गया, क्योंकि ठेकेदारों को सौंपी गई खाने पीने की व्यवस्था पर नजर नहीं रखी जा सकती।

लेकिन, अब ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि ट्रेनों में यात्रियों को मनपसंद खाना मिल सके। यदि आनंद शर्मा जी को हिमाचली खाना पसंद है तो ट्रेन में सफर के दौरान वह हिमाचली खाना ले सकेंगे।

यदि एंटनी जी को मलयाली भोजन पसंद है तो वह मलयाली भोजन ले सकेंगे। ट्रेनों के डिब्बों में लगभग सभी टॉयलेट्स को बायो- टॉयलेट्स में तब्दील करने पर रेलवे काम कर रहा है।