बॉक्स ऑफिस पर निर्माता साजिद नाडियाडवाला एकल निर्माता के तौर पर बॉलीवुड में बहुत बडा नाम है। आज जो जिस पटकथा और निर्देशक पर अपना हाथ रखते हैं वह बॉक्स ऑफिस पर सुपर हिट हो जाता है। हालिया उदाहरण 29 जुलाई को प्रदर्शित हुई निर्देशक रोहित धवन की फिल्म ‘ढिशूम’ है जिसने बॉक्स ऑफिस पर पहले सप्ताह में 53 करोड का व्यवसाय करने में कामयाबी प्राप्त की है।
इन दिनों साजिद नाडियाडवाला अपनी इस फिल्म की सफलता से ज्यादा सलमान खान की
फिल्म ‘किक’ के सीक्वल को लेकर मीडिया में खासी चर्चा पा रहे हैं। ‘किक’
के सीक्वल को लेकर उन्होंने हाल ही में इंडियन एक्सप्रेस से खुलकर बातचीत
की जिसमें उन्होंने कहा कि ‘किक-2’ उनकी और सलमान खान की 20 साल की
दोस्ती की परीक्षा है। उनका कहना है कि ऐसा नहीं है कि दोस्ती के चलते मैं
कुछ भी बना डालूं। उन पर इस सीक्वल को ‘किक’ से कई गुना बेहतर बनाने का
दबाव है।
सलमान खान और साजिद नाडियाडवाला की साझेदारी आज तक 100
प्रतिशत रही है। इसलिए साजिद नहीं चाहते कि फिल्म जल्दबाजी में बने और उनका
स्कोर कार्ड बिगड़ जाए। पिछले कई दिनों से मीडिया में चर्चा चल रही थी कि
सलमान खान ‘किक’ के सीक्वल में दोहरी भूमिका निभा रहे हैं। इस बारे में
उनका कहना था कि अभी तो फिल्म की पटकथा पर काम चल रहा है और इसलिए ऐसी किसी
संभावना से इंकार नहीं कर सकते।
जब से सलमान खान ने ‘बजरंगी
भाईजान’ की है तब से बॉलीवुड में चर्चाएं हैं कि सलमान खान के साथ फिल्म
बनाना मतलब कहानी दमदार होनी चाहिए। ऐसे हालात में साजिद नहीं चाहते कि
बिना तगडी कहानी के वे कोई फिल्म बनाएं। इसलिए उन्हें उतनी ही बेहतरीन और
दमदार कहानी अपनी फिल्म ‘किक-2’ के लिए चाहिए।
सलमान खान की हालिया
प्रदर्शित फिल्म ‘सुल्तान’ ने बॉक्स ऑफिस पर आय के रिकॉर्ड कायम किए हैं।
इस फिल्म कमाई ने साजिद नाडियाडवाला की फिल्म ‘किक’ के साथ अन्य कई फिल्मों
के रिकॉर्ड्स को ध्वस्त किया है।
साजिद खान का कहना था कि जब वे
सलमान खान को ‘किक’ में निर्देशित कर रहे थे, उन्हें नहीं लगा था कि यह
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड से ज्यादा का व्यवसाय करेगी और उनका डेब्यू
एक सुपरहिट फिल्म से होगा। दर्शकों को अब साजिद नाडियाडवाला से उम्मीदें बढ
गई हैं। यह उम्मीदें ही उन पर दबाव बना रही हैं कि दमदार कथा, पटकथा और
संवाद के साथ सलमान खान हों तो फिर बॉक्स ऑफिस को सातवें आसमान पर पहुंचाया
जा सकता है।
कहा जाता है कि सलमान खान आजकल अपनी फिल्मों की
कहानी में कुछ न कुछ फेरबदल जरूर करवाते हैं। इसका ताजा उदाहरण राजकुमार
संतोषी रहे हैं जिनकी फिल्म की कहानी सलमान को पसन्द नहीं आई और बदलाव करने
को कहा, जिसे राजकुमार संतोषी ने नहीं किया और फिल्म डिब्बा बंद हो गई। इस
साजिद नाडियाडवाला का कहना था कि सलमान खान को फिल्म की कहानी से दूर रखा
गया है। हां फिल्म को लेकर सलमान खान ने ही आइडिया दिया था और अब उसी पर
काम चल रहा है लेकिन सलमान खान पटकथा से दूर हैं।
साजिद नाडियाडवाला
की यह फिल्म एक्शन से भरपूर होगी। इसके एक्शन दृश्यों के लिए हॉलीवुड से
स्टंटमैन को बुलाया जाएगा। साजिद ने बताया कि हॉलीवुड में उनके कई दोस्त
हैं और उनमें से कुछ किक 2 का हिस्सा जरूर होंगे। लेकिन यह सब बाद की बातें
हैं पहले कहानी तो पूरी हो जाए।
फिल्म की नायिका को लेकर भी पिछले एक वर्ष से ज्यादा से चर्चा चल रही है। सलमान खान ने जैकलीन फर्नांडिस के फिल्म में होने पर विराम चिह्न लगा दिया है। उन्होंने साफ तौर उनके लिए ना कह दिया है और कृति सैनन के नाम पर उन्होंने मोहर लगा दी है। वे चाहते हैं कि ‘किक-2’ में उनकी नायिका कृति सैनन हों।