दौसा। कलेक्टर देवेन्द्र कुमार ने शुक्रवार को लालसोट एसडीएम कार्यालय, बगड़ी में सीएचसी एवं बीआर अंबेडकर आवासीय विद्यालय, मोरेल बांध व सिंथोली बांध का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने मोरेल एवं सिंथोली बांध का अवलोकन करते हुए मानसून में अभी तक पानी के आवक की स्थिति के बारे में जाना एवं अधिक वर्षा की स्थिति में आपात व्यवस्थाओं को जांचकर समुचित बंदोबस्त रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बगडी में दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से सुविधाओें के बारे में फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि मौसमी बीमारियों में सभी चिकित्सीय प्रबंधन बेहतर रखें एवं मरीजों का त्वरित उपचार हो।
जिला कलक्टर ने सीएचसी में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक पौधारोपण की अपील की। कलेक्टर ने लालसोट उपखंड अधिकारी कार्यालय का अवलोकन कर जनहित के प्रकरणों तथा पत्थरगड़ी एवं रास्तों के निकलवाने व अतिक्रमण हटाने संबंधित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यालय में ई- फाइल प्रणाली को शत-प्रतिशत लागू करें एवं कोर्ट में जनहित प्रकरणों की नियमित सुनवाई करते हुए निस्तारण करवाएं। बगडी में बीआर अंबेडकर आवासीय विद्यालय का अवलोकन कर बच्चों से शैक्षणिक एवं खेलकूद गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्ता युक्त अच्छी शिक्षा प्रदान करें, जिससे उनका भविष्य बेहतर हो सके। उन्होंने बच्चों के लिए छात्रावास में समुचित प्रबंध रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लालसोट एसडीएम नरेंद्र कुमार मीणा, एसीएम विजेन्द्र कुमार मीना, बीडीओ, नायब तहसीलदार, सीएचसी प्रभारी बगड़ी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे