एससी—एसटी जातियों का वर्गीकरण, क्या अब मोदी सरकार को करवानी होगी जातिगत जनगणना !

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 01 अगस्त 2024, 10:34 PM (IST)

मुकेश शर्मा
जयपुर। सुप्रीम कोर्ट ने एससी व एसटी जातियों में उप वर्गीकरण करने को संविधानिक बताया है और कहा है कि अनुसूचित जातियों में भी आपस में छूआछूत और भेदभाव रहा है और अभी भी मौजूद है।

चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड ने एक उदाहरण देकर बताया है कि​ किस प्रकार आसाम में पटनी जाति के नाविक ने मूची जाति के व्यक्ति को नदी पार करने के लिए स्वयं ही पतवार चलाने को कहा और उसे इस पर कोर्ट ने सजा हुई।

सीजेआई का कहना है कि अनुसूचित जातियों में भी ऐसी जातियां हैं जो अन्य अनुसूचित जातियों के साथ ठीक वही व्यवहार करती हैं जो सवर्ण जातियां उनके साथ करती हैं और उनमें सामाजिक व शैक्षणिक पिछडापन एक समान नहीं है। इसलिए इन जातियों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए ठोस डेटा के आधार पर इनकी पहचान और वर्गीकरण का काम होना चाहिए लेकिन, प्रश्न यह है कि यह काम तो जातिगत जनगणना से ही संभव हो सकेगा लेकिन, मोदी जातिगत जनगणना पर मोदी सरकार का रुख जगजाहिर है।

मोदी सरकार ने हांलाकि अब तक प्रत्यक्ष रुप से जातिगत जनगणना से इनकार नहीं किया है लेकिन,उनके सांसदों के रुख से साफ है कि मोदी सरकार जातिगत जनगणना के खिलाफ है।
लेकिन अब जबकि सुप्रीम कोर्ट ने एससी—एसटी जातियों में उप—वर्गीकरण की इजाजत दे दी है तो दोनों ही वर्गों में ज्यादा पिछडों की पहचान और उचित प्रतिपिनिधित्व सुनिनिश्चत करने के लिए जातियों की जनसंख्या का पता करना ही होगा। हालांकि अभी एससी—एसटी वर्ग की फैसले पर प्रतिक्रिया और फिर मोदी सरकार की प्रतिक्रिया देखने वाली होगी।

यह है मामला—


1975 में पंजाब सरकार ने अनुसूचित जातियों के 25 प्रतिशत आरक्षण को दो हिस्सों में बांट दिया था। आधा हिस्सा बाल्मिकी और मजहबी सिखों के लिए और आधा हिस्सा अन्य अनुसूचित जातियों के लिए। 31 साल तक पंजाब में यह व्यवस्था चल रही थी लेकिन, 2004 में सुप्रीम कोर्ट ने ईवी चि​न्न्या बनाम आंध्रप्रदेश सरकार के मामले में इस व्यवस्था को असंविधानिक घोषित कर दिया था। इससे निपटने के लिए पंजाब सरकार ने 2006 में एक नया कानून बनाया पंजाब अनुसूचित जाति और पिछडा वर्ग सेवाओं में आरक्षण एक्ट 2006 ।

इसके तहत व्यवस्था थी कि सरकारी नौकरियों के आरक्षण में पहली प्राथमिकता बाल्मिकी और मजहबी सिखों को दी जाएगी यानि आधी सीटें इन दो जातियों को मिलेगीं और बची हुई आधी बाकी जातियों को।

29 मार्च, 2010 को पंजाव व हरियाणा हाईकोर्ट ने इस एक्ट को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विपरीत बताकर निरस्त कर दिया था।

मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया और पंजाब सरकार ने कहा कि ईवी चेन्निया का फैसला 1992 के इंदिरा साहनी के फैसले के अनुरुप नहीं था। इंदिरा साहनी के फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने माना है कि ओबीसी जातियों में कुछ जा​ति ज्यादा पिछडी हो सकती हैं और राज्य अपने अनुरुप इनकी अलग सूची बनाकर ओबीसी आरक्षण में ज्यादा पिछडी जातियों का वर्गीकरण कर आरक्षण दे सकती हैं।

पंजाब सरकार ने कहा कि चिन्निया का फैसला गलत समझा गया कि केवल ओबीसी जातियों को ही वर्गीकृत किया जा सकता है एससी और एसटी को नहीं। मामला पहले पांच जजों की बैंच को और फिर सात जजों की बैंच को पहुंचा था। मामले में फरवरी 2024 में ही सुनवाई पूरी कर ली गई थी और अब एक अगस्त को फैसला आया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे