कानपुर। पुलिस हिरासत में दलित युवक की मौत के बाद बवाल खडा हो गया है। आक्रोशित लोगों ने थाने के सामने जमकर हंगामा किया और कई गाडियों को आग के हवाले करने की कोशिश की। बेकाबू भीड ने चौकी पर पथराव किया और सडक पर जाम लगा दिया। वहीं, प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए पूरी पुलिस चौकी को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस चौकी के सभी 14 पुलिसकर्मियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले पुलिस चोरी के आरोप में कमल वाल्मीकि को थाने
लेकर आई थी, जिसके बाद कल सुबह पुलिस चौकी में संदिग्ध परिस्थितियों में
कमल का शव मिला। परिजनों का आरोप है कि पुलिस पिटाई की वजह से उसकी मौत हुई
है। पुलिस के मुताबिक कुछ दिनों पहले इलाके में हुई लूट के मामले में
पूछताछ के लिए शिव कटरा के 26 वर्षीय कमल वाल्मीकि को बुधवार रात अहिरवां
चौकी लाया गया था और उससे पूछताछ की गई थी, उसे गिरफ्तार नहीं किया गया था।
गुरुवार दोपहर करीब दो बजे जब एक दो पुलिसकर्मियों को छोडक़र सारे पुलिसकर्मी ड्यूटी पर गए थे, तब उसने संदिग्ध परिस्थितियों में कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।