डीडवाना। निर्दलीय विधायक युनुस खान द्वारा विधानसभा में उठाए गए मुद्दों को लेकर पूर्व विधायक चेतन डूडी ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर उन पर जमकर निशाना साधा। डूडी ने युनुस खान पर कई गंभीर आरोप लगाए और अपने ऊपर लगे आरोपों का स्पष्टीकरण भी दिया।
चेतन डूडी ने कहा कि युनुस खान ने चुनाव के दौरान अपने समर्थकों से वादे किए थे, जिन्हें पूरा करने में असफल होने पर वे अब अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, "मेरे विधायक रहते हुए, मेरे समाज के कुछ बच्चों ने टेंडर प्रक्रिया के तहत टेंडर लिए थे, जिसे लेकर युनुस खान ने लोगों से जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं करवा पा रहे हैं। इसलिए वे अब निराधार बातें कर रहे हैं।"
डूडी ने युनुस खान पर गैंगस्टर आनंदपाल से चुनाव में मदद लेने और जेल में जाकर मिलने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "सोशल मीडिया पर लगातार यह चल रहा है कि युनुस खान ने आनंदपाल सिंह से मिलने के लिए सेवर जेल का दौरा किया। क्या वे इस बात का स्पष्टीकरण देंगे कि वे जेल क्यों गए? चुनाव जीतने के लिए उन्होंने इस तरह के लोगों की मदद ली।"
युनुस खान द्वारा उठाए गए बस स्टैंड निर्माण के मुद्दे पर डूडी ने कहा, "बस स्टैंड का निर्माण मास्टर प्लान के तहत किया गया था, लेकिन युनुस खान ने इसे एक व्यक्ति विशेष, शंकर लाल परसावत, को फायदा पहुंचाने के लिए किया बताया। मेरे विधायक बनने के बाद शंकर लाल परसावत ने खुद ही एमओयू को निरस्त कर दिया था।
डूडी ने युनुस खान पर निजी महाविद्यालय के लिए सरकारी स्कूल की जमीन पर कब्जा करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, "युनुस खान ने सरकारी स्कूल की जमीन अपने निजी महाविद्यालय के लिए ली थी और उस लीज में यह लिखा था कि जब भी सरकारी महाविद्यालय बनेगा तो यह भूमि वापस करनी होगी।"
डूडी ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग में रिश्वत लेने का चलन बहुत पुराना है। "दौसा में शराब के ठेकों पर हर बात के लिए पैसे लिए जाते हैं। रात 8:00 बजे के बाद भी ठेके खुले रहते हैं और ग्राहकों को गुप्त रास्ते से शराब बेची जाती है।"
चेतन डूडी ने अंत में कहा, "युनुस खान झूठ बोलने में माहिर हैं और अपनी कमजोरियों को छुपाने के लिए इस तरह की बातें कर रहे हैं। उनके ऊपर गंभीर आरोप हैं और वे जनता को गुमराह कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे