आसींद : ग्राम विकास अधिकारी पर जातिगत गालियां देने का आरोप

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 27 जुलाई 2024, 2:50 PM (IST)

आसींद। उपखंड अधिकारी और विकास अधिकारी को दातड़ा पंचायत के ग्रामीणों ने एक ज्ञापन सौंपा है जिसमें ग्राम विकास अधिकारी अवधेश सिंह के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि अवधेश सिंह पंचायत के कार्यों में मनमानी कर रहे हैं और जातिगत गालियों का प्रयोग कर रहे हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि तेजू पुत्र माना भील को जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पंचायत कार्यालय जाने पर जातिगत गालियाँ दी गईं। इसके अलावा, बागरिया समाज की एक महिला से नवीनीकरण के लिए रिश्वत के दो हजार रुपये मांगे गए और उसके बाद भी अवैध संबंध बनाने की बात की गई, जिसके बाद महिला ने पुलिस थाना आसींद में रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि, अब तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले छह महीनों से ग्राम पंचायत में नरेगा कार्य बंद है और पंचायत कार्यालय में रिश्वत की मांग की जा रही है। उपखंड अधिकारी उमेद सिंह राजावत और विकास अधिकारी सुधीर पाठक से उन्होंने मांग की है कि ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाए और नरेगा कार्य पुनः शुरू किया जाए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे