लैगिंक अपराधों से संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान का हुआ आयोजन

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 26 जुलाई 2024, 6:08 PM (IST)

-कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रृद्धाजंलि

झालावाड़।
लैंगिक अपराधों से बालकों के संरक्षण के लिए संरक्षण अधिनियम 2012 पर जागरूकता कार्यक्रम एवं कारगिल विजय दिवस पर कार्यक्रम शुक्रवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दुर्गपुरा में आयोजित किए गए।

छात्र-छात्राओं को दी पोक्सो एक्ट की जानकारी

लैंगिक अपराधों से बालकों के संरक्षण के प्रचार-प्रसार हेतु आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान राउमावि दुर्गपुरा के छात्र-छात्राओं को विडियो फिल्म के माध्यम से गुड टच बेड टच सहित चाइल्ड हैल्पलाइन नम्बर 1098 एवं लैंगिक अपराधों से बालकों के संरक्षण अधिनियम 2012 की सम्पूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

इस दौरान जिला कलक्टर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को कड़ी मेहनत व लगन से पढ़ाई करते हुए ग्राम दुर्गपुरा का नाम रोशन करने तथा जिले को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अपने मूल विषयों के अतिरिक्त सामान्य ज्ञान विषय को भी अवश्य पढ़ें।

कारगिल विजय दिवस पर शहीद के परिजनों का किया सम्मान

कारगिल युद्ध की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर कारगिल विजय दिवस समारोह के दौरान दुर्गपुरा गांव के शहीद मोहन धाकड़ के परिजनों का सम्मान किया गया। वहीं कारगिल युद्ध में शहीद होने वाले वीर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रृद्धांजलि दी गई।

जिले के सभी राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों में एक साथ गाया राष्ट्रगान
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग राजस्थान के निर्देशानुसार शहीदों के सम्मान में जिले के सभी राजकीय व गैर राजकीय विद्यालयों में एक साथ राष्ट्रगान गाया गया।

जिला कलक्टर ने विद्यालय परिसर में किया पौधारोपण

इस दौरान जिला कलक्टर ने जिले में चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के तहत दुर्गपुरा विद्यालय परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नीम का पौधा लगाया। इस दौरान उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करने की अपील की।
इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक रामनिवास यादव, जिला शिक्षा अधिकारी हेमराज पारेता, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दुर्गपुरा के प्रधानाचार्य हेमन्त शर्मा, संकल्प सेवा समिति के सचिव उदयभान सिंह, जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण अधिकारी विष्णु कुमार जांगिड़, स्थानीय सरपंच, राम पाटीदार, बालमुकुन्द पाटीदार, दिनेश सुमन, बद्रीलाल पाटीदार, शहीद के परिजन एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन व्याख्याता नीलू शेखावत ने किया तथा उप प्रधानाचार्य रजनी शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे