स्टूडेंट्स के लिए कोटा-उदयपुर ट्रेन, वंदे भारत का समय बदला जाए : मन्नालाल रावत

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 25 जुलाई 2024, 7:24 PM (IST)

उदयपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आज सुबह दिल्ली में उदयपुर के सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने मुलाकात की। सांसद ने रेल मंत्री से मेवाड़-वागड़ में रेल सुविधाओं के विस्तार सहित रेलवे से सम्बन्धित अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए उनके निराकरण की बात की।
सांसद रावत ने रेलमंत्री वैष्णव को बताया कि उदयपुर पर्यटन की दृष्टि से विश्व पटल पर विशेष स्थान रखता है। यहां हर साल लाखों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं। उदयपुर की देश से दूसरे शहरों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी के लिए उदयपुर की जनता द्वारा वर्तमान संचालित ट्रेनों के फेरे बढ़ाने, नई ट्रेनों की शुरुआत की मांग जनता कर रही है।
सांसद रावत ने आमजन के लिए अजमेर तक की सेवाएं उदयपुर तक बढ़ाने, उदयपुर को दक्षिण भारत से वाया अहमदाबाद जोड़ने, उदयपुर सिटी रेलवे-स्टेशन के जनोपयोगी सुधार, जयसमंद रोड पर बुकिंग सुविधा, सुरखंड का खेड़ा स्टेशन सहित क्षेत्र के प्रमुख स्टेशन पर द्रूतगामी ट्रेनों के ठहराव और रेलवे प्रशिक्षण संस्थान उदयपुर के परिसर में संचालित राजकीय स्कूल के पुनर्निर्माण सम्बन्धी मांग रखी। रेल मंत्री ने सभी मांगों पर चर्चा करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उदयपुर के लिए यह सब मांगाः
रेलमंत्री से उदयपुर योगनगरी ऋषिकेश ट्रेन (19609/10) वर्तमान में सप्ताह में तीन दिन चल रही है। उसे देहरादून तक बढ़ाया जाकर प्रतिदिन करते हुए ट्रेन के कोच भी बढ़ाएं जाएं। उदयपुर बांदा टर्मिनस ट्रेन (22902/01) वर्तमान में सप्ताह में तीन दिन चल रही है, जिसे नियमित किया जाए। कोटा असारवा एक्सप्रेस ट्रेन (19821/22) वर्तमान में सप्ताह में दो दिन चल रही है, उसे सप्ताह रेगुलर किया जाए।
अजमेर-जम्मूतवी ट्रेन (12413) वर्तमान में अजमेर से संचालित है उसे उदयपुर तक बढ़ाया जाए। अजमेर-चंडीगढ़ गरीबरथ (12983) वर्तमान में अजमेर से संचालित है, उसे उदयपुर तक बढ़ाया जाए। उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला चेतक एक्सप्रेस ट्रेन (20474/73) को डूंगरपुर तक बढ़ाया जाए, इससे दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी अंचल के लोगों को दिल्ली तक सीधी रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।
उदयपुर से अहमदाबाद की ट्रेनों का समय परिवर्तन किया जाए जिससे अहमदाबाद से गांधीधाम, भुज, बेंगलुरु, चैन्नई एवं दक्षिण भारत की अन्य ट्रेनों से समय पर रेल कनेक्टिविटी मिल सके। उदयपुर से मुंबई वाया अहमदाबाद के लिए सीधी ट्रेन सुविधा की आवश्यकता है, जिससे कम समय में मुंबई की यात्रा हो सके। विद्यार्थियों के लिए उदयपुर से कोटा के लिए सुबह के समय ट्रेन चलाई जाए। जोधपुर में उच्च न्यायालय स्थित होने से उदयपुर से जोधपुर एवं बीकानेर के लिए ट्रेन सेवा प्रारम्भ करने की आवश्यकता है।
श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा से मुंबई वाया उदयपुर ट्रेन का संचालन किया जाए। धार्मिक महत्व को देखते हुए उदयपुर से अयोध्या, काशी के लिए ट्रेन वाया रींगस खाटूश्यामजी चलाई जाए। उदयपुर-जयपुर वंदे भारत ट्रेन का समय परिवर्तन किया जाए जिससे यात्रीभार में वृद्धि हो सके। उदयपुर से मदार, चित्तौड़गढ़ एवं रतलाम के लिए जो सामान्य ट्रेन चल रही है, उसमें वर्तमान में एक्सप्रेस ट्रेन का किराया लग रहा है, जिसे साधारण ट्रेन के समान किराया लागू किया जाए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे