-नगर निगम ने की देहलीगेट अंदर धोली बावड़ी मार्ग के मुहाने पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई
उदयपुर। नगर निगम के दस्ते ने गुरुवार सुबह देहलीगेट के अंदर धोली बावड़ी मार्ग के मुहाने पर सालों से काबिज कारोबारी परिवार के भारी विरोध, पथराव, धक्का मुक्की के बीच कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को ध्वस्त कर बोटलनेक को आखिर खोल ही दिया।
कार्रवाई के दौरान निगम के होमगार्ड, धान मंडी थाना पुलिस और आरएसी के जवानों ने विरोध कर रहे परिवार के सदस्यों को काबू किया। हालांकि पहले ये लोग मरने-मारने पर उतारू हो गए थे। बोटलनेक खुलने से अब आवागमन सुचारु और सुगम होने से वहां जाम की समस्या खत्म हो गई।
निगम आयुक्त राम प्रकाश के निर्देशन में राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर, सीआई मांगीलाल के नेतृत्व में होमगार्ड के जवान और अतिक्रमण निरोधक दस्ते की टीम दल-बल के साथ गुरुवार सुबह साढ़े सात-आठ बजे देहलीगेट अंदर धोली बावड़ी मार्ग के मुहाने पर पहुंची। धान मंडी थाना पुलिस भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर तैनात रही। दो जेसीबी व ट्रैक्टर ट्रॉलियों को देख वहां सालों से काबिज परिवार के सदस्य बिफर पड़े और दुकान से सटकर विरोध करने लगे। निगम व पुलिस अधिकारियों ने समझाइश के प्रयास का उन पर असर नहीं पड़ा, बल्कि उनका विरोध तेज हो गया। उन्होंने अतिक्रमण हटाने पहुंची जेसीबी पर पथराव शुरू कर दिया जबकि परिवार की एक महिला डंडा लेकर हमलावर हो गई। एक युवक जेसीबी के लटक गया। उनके विरोध के बावजूद नगर निगम दस्ता अतिक्रमण ढहाने की ओर बढ़ा तो वह आधे घंटे की मोहलत मांगने लगे। हालांकि उन्हें राहत नहीं मिली। इस पर अतिक्रमी परिवार के सदस्य आक्रोशित होकर निगम अधिकारियों और पुलिस के जवानों के साथ धक्का मुक्की पर उतर आए। उनके गाली गलौज और हमलावर होने पर आरएसी की अतिरिक्त बटालियन मौके पर बुलाई। डेढ़-दो घंटे तक चले हंगामे के बीच पुलिस ने पूरे परिवार को काबू में कर लिया और कुछ ही मिनटों में अतिक्रमण ढहा दिया गया। निगम दस्ते ने हाथों-हाथ मौके से मलबे, टीन शेड व अन्य भराव ट्रेक्टर ट्रॉलियों की मदद से हटाते हुए बोटल नेक खोल दिया। इस कार्रवाई के दौरान निगम की अतिक्रमण निरोधक समिति के अध्यक्ष छोगालाल भोई भी मौके पर पहुंचे। बोटलनेक खुलते ही अब यह सड़क 30 फीट तक चौड़ी हो गई।
सुचारू और सुगम हुआ आवागमन
निगम की कार्रवाई से बोटलनेक खुल जाने के बाद अब धोली बावड़ी मार्ग के मुहाने पर आवागमन सुचारु और सुगम हो गया। धोली बावड़ी, सुथारपाड़ा, भोईवाड़ा, बोरवाड़ी की ओर जाने आने वालों को अब यहां जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। जाम की समस्या से हमेशा—हमेशा के लिए सभी को मुक्ति मिल गई। यहां मुहाने पर लगी स्मार्ट सिटी के विद्युत पैनल को पास ही स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुक्रवार को की जाएगी।
निगम कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने समेटा सामान
निगम की कार्रवाई के दौरान मंडी क्षेत्र के अधिकतर दुकानदारों ने हर रोज अपनी दुकानों के बाहर अवैध रूप से रखे जाने वाला सामान बाहर ही नहीं निकाला और भीतर ही समेटे रखा। इन दुकानदारों को भय सताए रखा कि कहीं निगम दस्ता कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए उनकी दुकानों तक न आ जाए और उनका बाहर सजाकर रखा सामान समेट न ले जाए।
मूल मालिक सुपुर्द कर चुका था निगम को कब्जा
बताया जा रहा है निगम दस्ते द्वारा हटाए गए कब्जे का मूल मालिक सीमेंट गली निवासी पुरुषोत्तम तेली था। उसने यह जमीन मोहम्मद इरशाद परिवार को किराए दे रखी थी। किराए रहते इस परिवार ने अपना कब्जा जमा लिया। इस पर मूल मालिक पुरुषोत्तम तेली ने उक्त कब्जा निगम को सुपुर्द कर दिया। यहां चारदीवारी पर टीन शेड से बनाई दुकान के कारण बोटलनेक की स्थिति बनी हुई थी जो आवागमन में तकलीफ देता था और अक्सर जाम भी लगा रहता था। करीब पचास साल पुराने इस कब्जे को हटाने के लिए निगम द्वारा दो दो बार नोटिस भी जारी किए गए। कोर्ट द्वारा भी कब्जे को हटाने के आदेश दिए हुए थे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे