लोक अदालत में 4459 लंबित प्रकरणों का राजीनामे से हुआ निस्तारण

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 13 जुलाई 2024, 9:17 PM (IST)

दौसा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में 4459 प्रकरणों का निस्तारण राजीनामे से करते हुए करीब 18 करोड़ 34 लाख 9 हजार 576 रुपये का सैटलमेण्ट किया गया।

लोक अदालत के माध्यम से जिले में गठित लोक अदालत बैन्चों द्वारा पक्षकारों के मध्य सुलहवार्ता करते हुये समझाइश एवं राजीनामे के माध्यम से प्रकरणों के निस्तारण के प्रयास किये गये।

लोक अदालत का शुभारम्भ प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला एवं सैशन न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार ने एडीआर सेण्टर में दीप प्रज्जवलन कर किया। प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला एवं सैशन न्यायाधीश बृजेश कुमार ने बताया कि जिले में 13 लोक अदालत बैंचों का गठन किया गया। जिसमें से दौसा मुख्यालय पर 5 तथा तालुका बांदीकुई, लालसोट, महवा, सिकराय में 8 लोक अदालत बैंचों का गठन किया गया।

दौसा मुख्यालय स्थित बैचों में प्रथम बैन्च में जिला एवं सैशन न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार, राजेन्द्र कुमार शर्मा अधिवक्ता एवं अशोक कुमार शर्मा सदस्य स्थाई लोक अदालत, द्वितीय बैन्च में प्रेमचंद शर्मा न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय, बादल सिंह बैरवा अधिवक्ता एवं हनुमान सहाय शर्मा नायब तहसीलदार, तृतीय बैंच में प्रेम राजेश, न्यायाधीश मोटरवाहन दुर्घटना दावा अधिकरण एवं निखिल मोहन शर्मा अधिवक्ता, चतुर्थ बैंच में रोमा भाटिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं पूरण चंद महावर अधिवक्ता, पंचम बैंच में बृजेश कुमार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मक्खन लाल शर्मा अधिवक्ता की लोक अदालत बैंचों का गठन किया गया।

लोक अदालत में प्री लिटिगेशन प्रकरणों के निस्तारण के लिए विद्युत विभाग, स्टेट बैंक ऑफ इंण्डिया, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बडौदा, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक, श्रीराम फाइनेंस कम्पनी, यूको बैंक, कैनरा बैंक, इण्डियन बैंक, पंजाब नैशनल बैंक, बैंक ऑफ इण्डिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पक्षकारों एवं बैंक प्रतिनिधियों के मध्य आपस में लोक अदालत बैंच द्वारा समझाइश करवाकर प्री लिटिगेशन प्रकरणों का राजीनामे के माध्यम से निस्तारण किया गया।

इनमें राजीनामे योग्य फौजदारी प्रकरणों, अंतर्गत धारा 138 परक्राम्य विलेख अधिनियम, बैंक रिकवरी मामले, एमएसीटी मामले, पारिवारिक विवाद, श्रम एवं नियोजन संबंधी विवाद, भूमि अधिग्रहण मामले, बिजली व पानी के बिल भुगतान संबंधी प्रकरण, राजस्व मामले, सभी प्रकार के सिविल मामले (किराया, सुखाधिकार, निषेधाज्ञा, क्षतिपूर्ति एवं विनिर्दिष्ट पालना के दावें) इत्यादि के निस्तारण तथा बैंक, विद्युत विभाग, जलदाय विभाग, नगर परिषद इत्यादि द्वारा प्री-लिटिगेशन स्तर पर प्रस्तुत मामलों का निस्तारण कराया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे