पीर निगाहें से लौट रहे ट्रैक्टर-ट्राली की ट्रक से टक्कर, 15 श्रद्धालु घायल

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 12 जुलाई 2024, 2:29 PM (IST)

मुक्तसर। वीरवार की देर रात करीब बारह बजे धर्मस्थल पीर निगाहें से माथा टेक कर लौट रहे श्रदालुओं की ट्रैक्टर ट्राली की मुक्तसर-कोटकपूरा मार्ग पर एक ट्रक से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में एक बच्चे सहित 15 श्रद्धालु घायल हो गए। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रैक्टर पलट गया और ट्राली सीधी खड़ी हो गई। घायलों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर माथा टेकने के लिए मुक्तसर के गांव रोडावाली से श्रद्धालु बाघापुराना के नजदीक पीर निगाहे गए थे। वीरवार देर रात को बाघा पुराना से श्रद्धालु वापस अपने गांव लौट रहे थे कि रास्ते में रात करीब बारह बजे मुक्तसर से कोटकपूरा जा रहे ट्रक से टक्कर हो गई। बताया जाता है कि ट्रैक्टर-ट्राली में करीब पंद्रह लोग‌ सवार थे।
ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर ट्राली में सवार लोग गंभीर घायल हो गए जिनमें से नौ का उपचार मुक्तसर के अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल छह लोगों को फरीदकोट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना का पता चलते ही आसपास के लोग व राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रुप से घायल श्रद्धालुओं में जरनैल सिंह (10), गुरमीत सिंह (40), सोमा रानी (50) परमजीत (34), प्रीतम सिंह (60), शिंदरपाल कौर (36) शामिल है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे