जनहित के मुद्दों पर खट्टर सरकार के मंत्रियों ने साधी चुप्पी, बताए मुख्यमंत्री के आदेश गुरुग्राम। कॉर्पोरेट ऑफिसेज का हब बन चुके गुरुग्राम में ‘आम’ जाम हो रहा है। लोगों को ऑफिस या अन्य गंतव्य पर जाने के लिए घंटों पहले निकलना पड़ता है। क्योंकि, उन्हें गुरुग्राम की डगर पर जगह - जगह जाम मिलता है। इसके चलते हर आम और खास के निशाने पर हरियाणा सरकार है। जनता के सेवक होने का दावा करने वाले जनप्रतिनिधि भी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। वे इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। जब इस बारे में हरियाणा सरकार में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन से पूछा गया तो उन्होंने दो टूक कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री ने कुछ भी बोलने से मना किया हुआ है। उन्होंने कहा कि सचिवालय में किसी भी मुद्दे पर मीडिया के समक्ष मुंह ना खोलने के साफतौर पर आदेश दिए गए हैं। इसलिए उन्होंने इस पर कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया। इससे साफ पता चलता है कि हरियाणा सरकार को जनता के हितों की कितनी परवाह है।
अपनी ढपली, अपना राग
हालांकि, कविता जैन ने बताया कि उन्होंने नगर निगम,
नगर परिषद् और पालिका क्षेत्रों में नदी-नालों, बांधों की पुख्ता
सफाई-व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही इस मामले में लापरवाही
बरतने वाले अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
विपक्ष के निशाने पर हरियाणा सरकार
गुडगांव
में जाम से हो रही परेशानी को लेकर विपक्ष ने भी हरियाणा में भाजपा सरकार
को जमकर घेरा है। नालों की सफाई ना होने से गंदा पानी सडक़ों और घरों के आगे
भरा रहता है। इसे लेकर भी सरकार की कड़ी आलोचना हो रही है। इसके बाद भी
खट्टर सरकार के मंत्री जनहित मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं।