हैंडपंपों और ट्यूबवैलों की होगी जिओ टैगिंग-किरण माहेश्वरी

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 03 अगस्त 2016, 6:42 PM (IST)

जयपुर। जलदाय विभाग के तहत आने वाले सभी हैंडपंपों और ट्यूबवैलों की जल्द ही जिओ टैगिंग की जाएगी। जलदाय मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत हुए कामों के बाद भूजल स्तर में वृद्धि हो रही है। ऎसे में जिओ टैगिंग कराने से प्रदेश भर में लगे हैंडपंप और ट्यूबवैलों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा सकेगी। जलदाय मंत्री ने बताया कि प्रदेश में मानसून की मेहरबानी रही है। ऎसे में जिओ टैगिंग के जरिए न केवल प्रदेश भर के हैंडपंप और ट्यूबवैलों का भूजल स्तर का पता लगाया जा सकेगा, साथ ही रख-रखाव के प्रति भी पारदर्शिता बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि इनकी पर्याप्त मॉनिटरिंग होने से आमजन को भी राहत मिलेगी और पेयजल की व्यवस्था में भी सुधार होगा। श्रीमती माहेश्वरी ने बताया कि जिओ टैगिंग का कार्य विभाग के सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता संपादित करेंगे। इसके लिए अभियंताओं को संभागवार प्रशिक्षण दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में लगभग साढ़े तीन लाख से ज्यादा हैंडपंप और करीब ८० हजार टयूबवैल हैं।