चौरासी (डूंगरपुर)। भाजपा की ओर से आपातकाल की बरसी को काला दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में डूंगरपुर जिले में आज भाजपा की ओर से विधानसभा स्तर पर गोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिसके तहत चौरासी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओ की आपातकाल को लेकर गोष्ठी पीठ सलारेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित हुई। इसमें पूर्व सांसद कनकमल कटारा सहित अन्य नेताओ ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
गोष्ठी में पूर्व सांसद कनकमल कटारा, पूर्व मंत्री सुशील कटारा, भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश पाटीदार, सीमलवाडा प्रधान कारीलाल ननोमा सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। गोष्ठी को भाजपा नेताओं ने संबोधित किया। इन नेताओं ने कहा कि 25 जून 1975 की रात कांग्रेस सरकार द्वारा सत्ता पर काबिज रहने के लिए देश में आपातकाल लगाया गया था। यह भारतीय राजनीतिक इतिहास का काला अध्याय था उस समय अराजकता, भ्रष्टाचार, कुशासन से जनता त्राहि-त्राहि कर रही थी।
जनता का मूड कांग्रेस सरकार के विपरीत था ऐसे में सत्ता से बेदखल होने के डर से तत्कालीन प्रधानमंत्री ने आपातकाल लागू कर भाजपा जनसंघ कार्यकर्ताओं को बर्बरता पूर्वक जेल में डाला दिया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है। चुनाव के समय झूठा वादा कर जनता को गुमराह करने का काम इनके द्वारा किया जाता है। पूर्वजों ने तमाम संघर्षों के साथ भाजपा संगठन को सींचकर खड़ा किया है। भाजपा कार्यकर्ता जन जन तक पहुंचकर भ्रम फैलाने वाले की सच्चाई से अवगत कराने का कार्य करेंगे।
इधर, गोष्ठी में आगामी समय में चौरासी विधानसभा में होने वाले उपचुनाव को लेकर भी चर्चा की और कार्यकर्ताओ से फिल्ड में जाकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का आव्हान किया। इधर, इस मौके पर भाजपा नेताओ व कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में मां के नाम एक एक वृक्ष लगाने का संकल्प दिलाकर प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर वृक्षारोपण किया। कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया कि मंच के नेताओं की कार्यशैली सुधारने की जरूरत है, आम कार्यकर्ता ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
जिला अध्यक्ष हरीश पाटीदार ने जल्द ही एक विशेष कार्यशाला आयोजन करने का आश्वस्त किया जिसमें बूथ अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा, जिसके बाद सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं भारत आदिवासी पार्टी को उप चुनाव में पटखनी देने को लेकर विशेष प्रयास करने की अपील की। संचालन जिला महामंत्री नानूराम परमार और आभार राजेश पाटीदार ने जताया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे