‘ट्यूबलाइट’: सलमान खान आबाद या बर्बाद

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 03 अगस्त 2016, 5:22 PM (IST)

अभिनय के साथ-साथ हर फिल्म से अभिनेता सलमान खान बॉक्स ऑफिस के सुल्तान साबित होते जा रहे हैं। उनकी फिल्मों की आय बढती जा रही है। दर्शकों में उनका क्रेज कितना है इसे किसी पैमाने पर नहीं  नापा जा सकता। अभिनय के साथ-साथ सलमान खान आजकल निर्माण में भी पूरी तरह से सक्रिय हैं।

उन्होंने वर्ष 2014 में अपना प्रोडक्शन हाउस एसकेएफ (सलमान खान फिल्म्स) को शुरू किया था। पहली  फिल्म थी डॉ.केबी, यह कब आई और कब गई पता नहीं चला। उनका प्रोडक्शन हाउस चर्चा में आया सुभाष घई की फिल्म ‘हीरो’ के रीमेक से। इस फिल्म से सलमान खान ने बॉलीवुड को दो नए चेहरे सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी के रूप में दिए। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बेअसर रही।

इसके  बाद सलमान खान फिल्म्स की ‘बजरंगी भाईजान’ का प्रदर्शन हुआ। कबीर खान निर्देशित इस फिल्म ने एसकेएफ को पूरी तरह से जमाने में अहम् भूमिका निभाई। इन तीन फिल्मों का निर्माण सलमान खान ने अन्य कार्पोरेट घरानों के साथ मिलकर किया था।

बजरंगी भाईजान की सफलता ने सलमान खान को अकेले अपने कंधों पर निर्माण करने को प्रोत्साहित किया । उन्होंने एक बडा कदम उठाते हुए अपनी निर्माण संस्था एसकेएफ के लिए पहली स्वतंत्र फिल्म के रूप में निर्देशक कबीर खान की फिल्म ‘ट्यूबलाईट’ को चुना। यह उनके द्वारा स्वतंत्र रूप से निर्मित पहली फिल्म होगी। इसके साथ ही अब सलमान खान  फिल्म्स बॉलीवुड की अन्य फिल्मों को वितरित करने का काम भी शुरू करने जा रहा है। ‘ट्यूबलाइट’ का निर्माण करने के साथ-साथ इसका वितरण भी एसकेएफ ही करेगा।

सलमान खान अपनी हर फिल्म के साथ आगे ही बढते जा रहे हैं। उनकी प्रोडक्शन हाउस टीम को इस बात का अहसास हो रहा है कि अब एसकेएफ अपने स्तर पर ही सब कुछ हैंडिल कर सकता है। वह फिल्म निर्माण के साथ ही फिल्मों की मार्केटिंग और अपने दम पर प्रदर्शन भी सुनिश्चित करेगा।

सलमान खान का यह एक बडा कदम है। ‘ट्यूबलाइट’ एक ऐसी फिल्म है जिसमें सलमान खान मंदबुद्धि पुरुष का किरदार निभा रहे हैं। ट्यूबलाइट साल 2017 की ईद पर रिलीज होने वाली है। फिल्म की शूटिंग लद्दाख में शुरू हो चुकी है। इस फिल्म का निर्माण और वितरण स्वयं करने वाले सलमान खान के लिए ‘ट्यूबलाइट’ जोखिम भरा काम है। यदि फिल्म हिट हो गई तो सलमान खान निर्माण और वितरण क्षेत्र में मजबूती से जमेंगे और यदि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई तो सलमान खान को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।