ट्रेन की चपेट में इंस्पेक्टर की दर्दनाक मौत

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 03 अगस्त 2016, 12:26 PM (IST)

फतेहपुर। यूपी के फतेहपुर जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज रेलवे क्रॉसिंग में इलाहाबाद क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर की ट्रेन की चपेट में आ जाने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। उधर, सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस बल के साथ जीआरपी थाने पहुंच गए तथा मृतक की जेब से मिले आई कार्ड व मोबाइल के जरिए उनके परिजनों से वार्तालाप की कोशिश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, कानपुर देहात के थाना अकबरपुर गांव भवानीपुर निवासी राजेंद्र सिंह जो फतेहपुर जनपद के डीसीआरबी में तैनात थे। वह बीती 1 मई को डीसीआरबी से इलाहाबाद क्राइम ब्रांच में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात किए गए थे। उन्हें 30 जुलाई को कानपुर जोर के लिए रिलीव किया गया था। तबीयत खराब होने पर उनके साढू का लडक़ा अतुल उन्हें लेकर फतेहपुर आ गया।
सुबह लगभग 5 बजे राजेंद्र सिंह यादव टहलने के लिए निकले जब वह हरिहरगंज रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे थे, तभी कानपुर से इलाहाबाद की ओर जा रही तेज रफ्तार टे्रन की चपेट में आ गए, जिस कारण उनके शरीर के परखचे उड़ गए। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
(IANS)