बीएलओ 25 जून से घर-घर जाकर कर रहे हैं सत्यापन कार्य
चंडीगढ़। हरियाणा की अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हेमा शर्मा ने कहा कि त्रुटि रहित व स्टीक फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करवाना मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय का लक्ष्य है, क्योंकि वही व्यक्ति चुनाव में अपने वोट का प्रयोग कर सकता है, जिसका नाम मतदाता सूची में हैं।
हेमा शर्मा आज आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर चुनावी तैयारियों को लेकर बुलाई गई राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। उन्होंने राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि ज्यों ही 25 जुलाई को समेकित ड्रफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होती है, वे मतदाता सूची का अध्ययन करें और यदि किसी प्रकार की कोई विसंगति पाई जाती है, जैसेकि पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में न होना, मृतक का नाम मतदाता सूची में होना या स्थान छोड़कर जा चुके किसी व्यक्ति का नाम होना इत्यादि, तो वे अपने बूथ लेबल एजेंट या किसी अन्य पदाधिकारी से निर्धारित फार्म 6, 7 व 8 भरकर बीएलओ को दें।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने एक जुलाई 2024 को अर्हता तिथि मानते हुए ‘फोटोयुक्त मतदाता सूची का द्वितीय विशेष संक्षिप्त संशोधन’ का कार्यक्रम जारी किया है।
हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के अनुसार 25 जून से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाता सूची का घर-घर जाकर सत्यापन शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि समेकित ड्रॉफ्ट मतदाता सूची 25 जुलाई को जारी की जाएगी। दावे तथा आपत्तियां 9 अगस्त, 2024 दर्ज करवाई जा सकती हैं तथा 19 अगस्त तक इनका निपटान किया जाएगा। आयोग की अनुमति से 20 अगस्त को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशानुसार एक बूथ लेबल एजेंट बीएलओ के पास एक साथ 10 आवेदन जमा कर सकता है।
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हेमा शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची में नया पंजीकरण करवाने या नाम कटवाने के लिए या किसी प्रकार की अन्य विसंगति को दुरूस्त करने के लिए वोटर सर्विस पोर्टल एप्प का उपयोग भी किया जा सकता है।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजकुमार, राजनीतिक पार्टियों की ओर से भारतीय जनता पार्टी के बीबी सिंगल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के तलविंद्र सिंह, सीपीआईएम(एम) के आर एस साथी व आशन अहमद, आम आदमी पार्टी की एडवोकेट वीनस मलिक, इनेलो के डॉ. सत्यव्रत और जेजेपी के भाग सिंह दमदमा ने भाग लिया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे